बिहार के मुंगेर में फिर भड़की हिंसा, पुलिस चौकी में लगा दी आग

मुंगेर। बिहार के मुंगेर में भड़की हिंसा गुरुवार को फिर जोर पकड़ रही है। गुस्साई भीड़ ने बासुदेवपुर पुलिस चौकी में आग लगा दी है। एसपी ऑफिस पर भी हमला हुआ है। मुफस्सिल थाने में 6 गाडिय़ां फूंकी गई हैं। दरअसल, मुंगेर में सोमवार को मूर्ति विसर्जन के दौरान हिंसा हुई थी। बुधवार को इसका एक वीडियो वायरल हुआ था। इसमें पुलिस लोगों को बेरहमी से पीटती नजर आ रही थी। इस घटना को लेकर लोगों में पुलिस के खिलाफ गुस्सा है।

सुरक्षा बलों के जाते ही भड़की हिंसा

ेमुंगेर में बुधवार को वोटिंग थी इसलिए सुरक्षा व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त थी, लेकिन गुरुवार को सुरक्षा बलों के जाते ही लोग जमा होने लगे। एसपी आफिस के पास करीब 25-30 हजार लोग जमा हो गए। पुलिस ने बल प्रयोग करने की तैयारी की तो लोगों का गुस्सा बढ़ गया और उन्होंने एसपी ऑफिस पर पथराव कर दिया। एक वाहन के शीशे तोड़ दिए। सराय मांडी में सड़क पर आगजनी की गई। वहां तोडफ़ोड़ की गई। खबर है कि भीड़ ने वहां एक जज के बंगले पर भी पथराव किया है।

बच्चे की मौत की खबर, चुनाव प्रभावित करने की भी चर्चा

सूत्रों के मुताबिक ऐसी खबर आ रही है कि विसर्जन की रात हुई हिंसा में जो लोग घायल हुए थे, उनमें एक बच्चे की मौत हो गई है। इसकी सूचना मिलने के बाद लोगों का हुजूम निकल पड़ा। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

भीड़ में शामिल लोगों ने पथराव और आगजनी की। सूत्रों का यह भी कहना है कि मुस्लिम-यादव समीकरण इस मामले में हावी हो गया है। मुंगेर कांड के जरिए विधानसभा के बाकी बचे दोनों फेज के चुनाव को प्रभावित करने की प्लानिंग है। इस वजह से लोगों को भड़काया जा रहा है।

गोलीकांड की जांच कराई जा रही

मुंगेर में हुई हिंसा के बारे में एडीजी पुलिस मुख्यालय, जितेंद्र कुमार का कहना है कि गोलीकांड की जांच सीनियर पुलिस ऑफिसर्स से कराई जा रही है। एडीजी के मुताबिक मूर्ति विसर्जन के दौरान हालात बिगड़े थे। इसके बाद पुलिस को कार्रवाई करनी पड़ी, लेकिन हालात क्यों बिगड़े, इसका पता लगाया जा रहा है। जल्द ही जांच पूरी हो जाएगी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें-बसपा प्रमुख मायावती बोली-सपा प्रत्याशियों को हम बुरी तरह हराएंगे