ग्वाटेमाला दौरा : अमेरिकी उपराष्ट्रपति कमला हैरिस के विमान को तकनीकी खराबी के बाद वापस लैंड करना पड़ा

ग्वाटेमाला के दौरे पर जा रहीं अमेरिकी उपराष्ट्रपति कमला हैरिस के विमान को तकनीकी खराबी के बाद वापस अमेरिका में ही लैंड करना पड़ा। उप राष्ट्रपति बनने के बाद ये उनकी पहली विदेश यात्रा थी। विमान के लैंड होने के बाद हैरिस ने कहा कि वे ठीक हैं। हैरिस के साथ यात्रा में जा रहे उनके प्रवक्ता साइमन सैंडर्स ने कहा कि ये एक तकनीकी समस्या थी और इसे सुरक्षा में चूक नहीं माना जा सकता है।

कमला हैरिस ने रविवार को वॉशिंगटन के ज्वाइंट बेस एंड्रयू से उड़ान भरी थी। प्लेन के उडऩे के 25 मिनट बाद ही उसमें तकनीकी समस्या आ गई। इसके बाद प्लेन को वापस ज्वाइंट बेस एंड्रयू पर ही लैंड कराया गया।

कमला हैरिस इस हफ्ते ग्वाटेमाला और मैक्सिको का दौरा करने वाली हैं। कोरोना महामारी के बाद हैरिस की यात्रा से अमेरिका के इन देशों से संबंध मजबूत होने की उम्मीद जताई जा रही है। इन देशों से ही अमेरिका में बड़ी तादाद में प्रवासी आते हैं।

काफी समय से अमेरिका के सामने माइग्रेशन एक बड़ी समस्या रही है। हैरिस की यात्रा को इस परेशानी को लेकर कोई बड़ा कदम उठाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।

इससे पहले, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कमला हैरिस के बीच 3 जून को बातचीत हुई थी। यह बातचीत हैरिस की पहल पर हुई थी। बातचीत के दौरान दोनों देशों के रिश्ते मजबूत करने पर चर्चा हुई। इस दौरान मोदी ने कोरोना के हालात सुधरने पर हैरिस को भारत आने का न्योता भी दिया।

यह भी पढ़ें-पाकिस्तान में बड़ा रेल हादसा : सिंध के डहारकी इलाके में दो ट्रेनें आपस में टकराई, 30 की मौत, 50 से ज्यादा घायल