हिमाचल में 68 विधानसभा सीटों के लिए मतदान जारी

हिमाचल विधानसभा चुनाव
हिमाचल विधानसभा चुनाव

वोटरों में उत्साह, लगीं कतारें

हिमाचल प्रदेश में 68 विधानसभा सीटों के लिए सुबह आठ बजे से मतदान जारी है। प्रदेश भर में बनाए गए 7,881 मतदान केंद्रों में शाम 5 बजे तक वोट डाले जाएंगे। सोलन जिले के दून में विलांवली बूथ 82-83 पर मतदाताओं ने पर्यवेक्षक के सामने नारेबाजी की। मतदाताओं ने आरोप लगाया कि यहां पर ईवीएम मशीन काफी धीमी गति से चल रही है। लोग सुबह आठ बजे से खड़े है और दोपहर एक बजे तक नंबर नहीं आया है। कुनिहार की कोठी पंचायत के नम्होल बूथ पर भी लोगों ने ऐसे ही आरोप लगाए।

हिमाचल विधानसभा चुनाव
हिमाचल विधानसभा चुनाव

सोलन जिले में अब तक 41.36 प्रतिशत मतदान हुआ है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त कृतिका कुलहरी ने कहा कि सभी विधानसभा क्षेत्रों में मतदान की प्रक्रिया शांतिपूर्वक जारी है। अर्की 40.12 प्रतिशत, नालागढ़ 40.1 प्रतिशत, दून 45.04 प्रतिशत, सोलन 40.51 प्रतिशत और कसौली में 41.14 प्रतिशत मतदान हुआ है।

हिमाचल विधानसभा चुनाव
हिमाचल विधानसभा चुनाव

हिमाचल प्रदेश में दोपहर एक बजे तक 37.19 फीसदी मतदान हुआ है। प्रदेश में 68 विधानसभा सीटों के लिए प्रदेश भर में बनाए गए 7,881 मतदान केंद्रों में मतदान जारी है। 8 दिसंबर को चुनाव नतीजे घोषित होंगे। मतदाता चुनावी मैदान में उतरे भाजपा, कांग्रेस, आम आदमी पार्टी (आप), माकपा, बसपा और निर्दलीय समेत 412 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे।

हिमाचल की जनता जागरूक

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की जनता बहुत जागरूक है। इसलिए हमेशा यहां अच्छी पोलिंग होती है। जयराम ठाकुर ने जिस तरह से हिमाचल को आगे बढ़ाया है उन्हें लोग एक बार फिर से मौका देना चाहते हैं।

हमीरपुर जिले में के्रच की सुविधा

भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा कि पूरे हिमाचल प्रदेश में 157 मतदान केंद्र ऐसे हैं, जिनका संचालन पूरी तरह महिला कर्मचारी कर रही हैं। हमीरपुर जिले में क्रेच की सुविधा भी उपलब्ध करवाई गई है ताकि बच्चों के साथ मतदान करने के लिए आ रहे लोगों को समस्या का सामना न करना पड़े।

कांग्रेस की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी

कांग्रेस चुनाव प्रचार कमेटी के अध्यक्ष एवं नादौन विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने नादौन में भबडां बूथ पर जाकर वोट डाला। उन्होंने कहा कि आज लोकतंत्र के उत्सव का दिन है। इस बार निश्चित तौर पर कांग्रेस की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी क्योंकि लोगों ने कांग्रेस के लिए मतदान किया है।

यह भी पढ़ें : राजस्थान में अगला चुनाव गहलोत के चेहरे पर लड़ेगी कांग्रेस!