वल्लभनगर में प्रचार थमा तो खाचरियावास और बेनीवाल ने बरसाए सियासी तीर, किए जीत के दावे

उदयपुर। जिले की सबसे हॉट वल्लभनगर विधानसभा सीट के उपचुनाव का प्रचार-प्रसार का शोर थम चुका है। शनिवार को वोटिंग है। इस बीच गुरुवार को नेताओं ने उदयपुर में डेरा डाल लिया है। खनन मंत्री प्रमोद जैन भाया सज्जनगढ़ की सैर करते दिखे तो जिले के प्रभारी और परिवहन मंत्री प्रतापसिंह खाचरियावास फतहसागर पर ईवनिंग वॉक करते मिले।

मुख्यमंत्री के ओएसडी लोकेश शर्मा सज्जनगढ़ की पहाडिय़ों पर भ्रमण के लिए पहुंचे। वहीं रालोपा के राष्ट्रीय संयोजक हनुमान बेनीवाल शहर की एक होटल में पार्टी के प्रत्याशी उदयलाल डांगी की जीत की जुगत में जुटे हुए थे। खाचरियावास, कांग्रेस के प्रभारी धमेंद्र राठौड़ और बेनीवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपनी-अपनी पार्टी के जीत के दावे करते हुए आरोप-प्रत्यारोपों की झड़ी लगा दी।

खाचरियावास बोले- पेगासस मामले में कोर्ट की टिप्पणी जाहिर करती है कि मोदी सरकार में लोकतंत्र खतरे में है

खाचरियावास ने प्रीति शक्तावत की जीत का दावा करते हुए कहा कि गहलोत सरकार की योजनाओं के दम पर धरियावद सीट पर भी कांग्रेस ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास कहने के लिए कुछ बचा नहीं है। पेगासस जासूसी मामले में सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी ने भी केंद्र सरकार के झूठ पर मुहर लगा दी है। कोर्ट की टिप्पणी यह जाहिर करती है कि मोदी सरकार में देश का लोकतंत्र खतरे में है। वल्लभनगर में भाजपा के तीन अलग-अलग नेता प्रत्याशियों के रूप में मैदान में हैं।

उन्होंने आरोप लगाए कि रालोपा प्रत्याशी को गुलाबचंद कटारिया तो रणधीरसिंह भिंडर को वसुंधरा राजे का संरक्षण है। भींडर भाजपा छोड़ कर जनता सेना से चुनाव लड़ते हैं। तीनों नेताओं को लेकर भाजपा खुद एक नहीं हो पा रही है तो जनता कैसे सही प्रत्याशी का चयन करेगी? मेवाड़ की जनता ने प्रीति को उनके पति गजेंद्रसिंह शक्तावत के निधन के बाद बहू से अब बेटी स्वीकार लिया है।

भाजपा के पास प्रदेश सरकार के खिलाफ हल्ला बोलने के लिए कोई मुद्दा नहीं है। मुद्दा केंद्र सरकार के खिलाफ लगातार बढ़ रही महंगाई और बेरोजगारी का है, जिस पर भाजपा मुंह खोल नहीं सकती। इस उपचुनाव में जनता भाजपा को हराकर झूठे वादे नहीं करने का सबक जरूर सिखाएगी।

बेनीवाल बोले- जनता किसान के बेटे को स्वीकार करेगी और राजमहल से राज की नीति का विरोध होगा

वल्लभनगर उपचुनाव से पहली बार मेवाड़ में एंट्री करने वाली रालोपा के सुप्रीमो और सांसद हनुमान बेनीवाल ने भी जीत का दावा किया। बेनीवाल ने कहा है कि जनता कांग्रेस और भाजपा दोनों से तंग आ चुकी है। ऐसे में रालोपा प्रत्याशी उदयलाल डांगी को इस बार तीसरे विकल्प के रूप में स्वीकार किया जाएगा।

वल्लभनगर की यह जीत हमारे लिए सेमीफाइनल से कम नहीं होगी। आत्म सम्मान के लिए मैंने एनडीए से खुद को अलग किया, जबकि मुझे केंद्र में किसी बड़े पद पर भेजा जा सकता था। राजस्थान में लगातार महिला एवं बाल अपराध बढ़ रहे हैं। कांग्रेस सरकार पूरी तरह नाकाम है। भाजपा और कांग्रेस दोनों मिले हुए हैं। इस मिले-जुले गठबंधन के चलते भाजपा भी विपक्ष की भूमिका ठीक से नहीं निभा रही है।

महाभारत की तरह मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पुत्र मोह में धृतराष्ट्र बनकर बेटे वैभव का राजनीतिक कॅरियर सेट करने में लगे हैं। सचिन पायलट का फिलहाल कांग्रेस में दम घुट रहा है। उन्हें आत्म स्वाभिमान से समझौता नहीं कर अलग पार्टी बना लेनी चाहिए। वल्लभनगर की 36 कौम का समर्थन डांगी को मिल रहा है। पहली बार जनता किसान के बेटे को स्वीकार करेगी और राजमहल से राज करने की नीति का विरोध होगा।

यह भी पढ़ें-नगरपालिका सभागार में कार्यशाला का किया गया आयोजन