
केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर को श्योपुर शहर में बाढ़ ग्रस्त इलाके का दौरा करते समय नाराज स्थानीय लोगों ने घेर लिया और उनके वाहनों के काफिले पर कथित तौर पर कीचड़ भी फेंका गया। श्योपुर शहर मध्यप्रदेश के उत्तरी भाग में स्थित मुरैना लोकसभा क्षेत्र का हिस्सा है।

श्योपुर शहर और जिला इस सप्ताह की शुरुआत में भारी बारिश के कारण बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित हुआ है। केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर मुरैना से लोकसभा सांसद हैं। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तोमर शनिवार को जब बाढ़ पीडि़तों से मिलने शहर के कराटिया बाजार पहुंचे तो गुस्साए लोगों ने उनका घेराव किया और कहा कि वह बहुत देर से यहां आए हैं।
जब वह रोती हुई महिलाओं को सांत्वना देने के लिए कार से नीचे उतरे तो लोग उनका पीछा करने लगे। बाद में गुस्साए लोगों ने कथित तौर उनके वाहनों पर कीचड़ और छोटी सूखी लकडिय़ां फेंकी।

स्थानीय लोगों ने तोमर से शिकायत की कि प्रशासन ने बाढ़ के बारे में समय पर लोगों को सतर्क नहीं किया और यह जिला प्रशासन की विफलता है। श्योपुर के पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने कहा कि लोगों ने मंत्री से शिकायत की कि उन्हें राहत देर से पहुंची। उपाध्याय ने कहा कि मंत्री के काफिले का कोई वाहन क्षतिग्रस्त नहीं हुआ। बाद में पत्रकारों से बात करते हुए केंद्रीय मंत्री ने स्वीकार किया कि प्रशासन ने ढिलाई बरती।
यह भी पढ़ें-योगी सरकार ने डॉ. कफील खान के खिलाफ विभागीय पुन: जांच के आदेश वापस लिए