
भाजपा की 10वीं सूची में यूपी की सात सीटों के लिए उम्मीदवारों का ऐलान, किरण खेर और रीता बहुगुणा का टिकट कटा
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की 10वीं सूची जारी कर दी। भाजपा की 10वीं सूची में नौ उम्मीदवारों का ऐलान किया गया है। सूची में चंडीगढ़ के अलावा उत्तर प्रदेश की सात और पश्चिम बंगाल की आसनसोल लोकसभा सीट के लिए उम्मीदवार का एलान किया गया है।
चंडीगढ़ से मौजूदा सांसद किरण खेर का टिकट काट दिया गया है। यहां से उनकी जगह पार्टी ने संजय टंडन पर भरोसा जताया है। टंडन चंडीगढ़ भाजपा के अध्यक्ष रह चुके हैं।
पवन सिंह ने मना किया तो अहलुवालिया को टिकट
इसके अलावा आसनसोल से पूर्व केंद्रीय मंत्री एसएस अहलूवालिया को उम्मीदवार बनाया गया है। यहां से पहले पार्टी ने भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह को टिकट दिया था। टिकट मिलने के 24 घंटे के अंदर ही पवन सिंह ने चुनावी मैदान से कदम पीछे खींच लिए थे। अहलूवालिया का मुकाबला टीएमसी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा से होगा।
डिंपल यादव के खिलाफ जयवीर सिंह को उतारा
सूची में सात उम्मीदवार उत्तर प्रदेश के हैं। सपा प्रमुख अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव के खिलाफ जयवीर सिंह भाजपा उम्मीदवार होंगे। इसके अलावा बलिया से पार्टी ने नीरज शेखर को उम्मीदवार बनाया है। शेखर पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के बेटे हैं और फिलहाल राज्यसभा सांसद हैं। यहां से मौजूदा सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त का टिकट काट दिया गया है।
रीता की जगह नीरज त्रिपाठी
प्रयागराज जिले की दोनों सीटों पर उम्मीदवार बदल दिए गए हैं। मौजूदा सांसद रीता बहुगुणा जोशी और केसरी देवी पटेल को टिकट नहीं दिया गया है। इलाहाबाद सीट से नीरज त्रिपाठी को मौका दिया गया है। नीरज भाजपा के दिग्गज नेता रहे केशरी नाथ त्रिपाठी के बेटे हैं। केशरी नाथ पूर्व राज्यपाल और यूपी विधानसभा के अध्यक्ष रहे थे। जिले की फूलपुर लोकसभा सीट से प्रवीण पटेल को उम्मीदवार बनाया गया है। प्रवीण अभी फूलपुर से विधायक हैं।
अफजाल के खिलाफ पारस नाथ
कौशांबी लोकसभा सीट से पार्टी ने एक बार फिर विनोद सोनकर को टिकट दिया गया है। सोनकर यहां से मौजूदा सांसद हैं। इसके अलावा मछलीशहर से मौजूदा सांसद बीपी सरोज को उतारा गया है। वहीं, गाजीपुर सीट से पारस नाथ राय को भाजपा ने उम्मीदवार बनाया है। पारस का मुकाबला 2019 में बसपा के टिकट से जीते अफजाल अंसारी से होगा, अफजाल इस बार सपा के टिकट पर यहां से मैदान में हैं।
इसे भी पढ़े : विपक्ष को जनता की नहीं अपने परिवार की चिंता : रक्षामंत्री राजनाथ सिंह