श्मशान घाट हादसा : मुरादनगर में आक्रोशित लोगों ने हाईवे पर शव रख जाम लगाया

गाजियाबाद के मुरादनगर में रविवार दोपहर श्मशान घाट के प्रवेश द्वार के साथ बने गलियारे की छत गिरने से मलबे में दबकर 24 लोगों की मौत हो गई और 15 घायल हो गए। इस मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें ईओ निहारिका सिंह, जेई सीपी सिंह, सुपरवाइजर आशीष शामिल हैं।

ठेकेदार अजय त्यागी व अन्य अज्ञात लोगों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। यह जानकारी एसपी ग्रामीण डॉ. ईरज राजा ने दी है। उनका कहना है कि इन सभी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है इसके बाद आगे की विधिक कार्रवाई होगी। वहीं मृतकों के परिजनों शवों को सोमवार सुबह मुरादनगर में दो जगह शव रख जाम लगा दिया है। इसके बाद कई रास्तों पर भारी जाम लग गया है।

मौके पर बढ़ रही भीड़, परिजन बोले- हमें गोली मार दो बॉडी ले जाओ

मुरादनगर में मृतकों के परिजनों की भीड़ बढ़ते देख पुलिस प्रशासन ने आकर उन्हें समझाना चाहा। पुलिस ने कहा कि आप हमें शव ले जाने दें और रास्ता खाली करें। इस पर परिजन भड़क गए और पुलिस से कहा कि पहले हमें गोली मार दो फिर शव ले जाओ। इसी बीच परिवार के तीन सदस्य खोने वाले बुजुर्ग की हालात बिग? गई है। लोग पुलिस प्रशासन के खिलाफ लगातार नारेबाजी कर रहे हैं।

मेरठ तिहाहे से मुरादनगर तक जाम

मुरादनगर में मृतकों के परिजनों के प्रदर्शन के चलते मेरठ तिराहे से मुरादनगर तक भीषण जाम लग गया है। यह जाम मेरठ की सीमा में पहुंच चुका है।

किसान आज नहीं करेंगे मंच का संचालन, शाम को मृतकों को देंगे श्रद्धांजलि

मुरादनगर में हुई घटना के बाद यूपी गेट पर किसानों ने सोमवार को मंच का संचालन नहीं करने का निर्णय लिया है। भकियू मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र मलिक ने बताया कि हादसे में मारे गए लोगों को आज शाम किसान श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।

प्रदर्शनकारी सीएम को बुलाने की कर रहे मांग

मुरादनगर के उखलारसी के पास शव रख कर परिजनों ने जाम लगा दिया है। नाराज प्रदर्शनकारी सीएम को बुलाने की मांग कर रहे हैं।