अहमदाबाद विमान हादसे में राजस्थान के 11 लोगों की दुखद मौत…

विमान हादसे के मृतक
विमान हादसे के मृतक

अहमदाबाद/जयपुर। अहमदाबाद में गुरुवार को हुए विमान हादसे में राजस्थान के 11 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में प्रदेश के छह परिवारों के सदस्य शामिल हैं। इनमें 5 बांसवाड़ा, 4 उदयपुर, तथा एक-एक बालोतरा और बीकानेर के निवासी हैं। यह हादसा उन परिवारों के लिए कभी न भरने वाला जख्म बन गया, जो अपने प्रियजनों को सिर्फ विदा करने गए थे, पर लौटे तो सिर्फ उनके न होने की खबर लेकर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार को अहमदाबाद विमान दुर्घटना पर गहरा दुःख जताते हुए इस भीषण हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है।

उदयपुर के भाई-बहन समेत चार की मौत

उदयपुर के प्रतिष्ठित मार्बल व्यवसायी संजीव मोदी के पुत्र शुभ मोदी और पुत्री शगुन मोदी हादसे में मारे गए। दोनों एमबीए करने के बाद पारिवारिक व्यवसाय में सक्रिय थे और लंदन यात्रा पर निकले थे। हादसे की सूचना मिलते ही संजीव मोदी अहमदाबाद के लिए रवाना हुए। उदयपुर जिला कलेक्टर नमित मेहता स्वयं सहेली नगर स्थित मोदी निवास पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया। वल्लभनगर निवासी वरदीचंद मेनारिया, जो वर्तमान में हिरणमगरी क्षेत्र में रह रहे थे। हाल ही में लंदन से लौटे थे और पुनः काम के लिए रवाना हो रहे थे। उनके साथ उनकी पत्नी और पुत्र दीपक भी एयरपोर्ट तक पहुंचे थे। इसी यात्रा में रोहिड़ा (ईंटाली) निवासी प्रकाश मेनारिया भी थे, जो लंदन में उनके साथ खाना बनाने का काम करते थे। उदयपुर कलेक्टर ने चारों मृतकों की पुष्टि की है।

बांसवाड़ा : रेडियोलॉजिस्ट परिवार हादसे का सबसे बड़ा शिकार

बांसवाड़ा के रेडियोलॉजिस्ट डॉ. प्रतीक जोशी, उनकी पत्नी डॉ. कौमी व्यास और तीन मासूम बच्चे- मिराया, नकुल और प्रद्युत सभी की मौत हो गई। पूरा परिवार लंदन शिफ्ट होने के लिए रवाना हुआ था। डॉ. प्रतीक के मामा डॉ. हिमांशु द्विवेदी ने बताया कि प्रतीक के माता-पिता डॉ. जेपी जोशी व उनकी पत्नी उन्हें एयरपोर्ट छोड़ने आए थे, पर अंदाजा नहीं था कि यह उनकी आखिरी मुलाकात होगी। डॉ. कौमी, पेसिफिक मेडिकल कॉलेज, उमरड़ा में पैथोलॉजी विभाग में कार्यरत थीं। लंदन जाने की तैयारी में उन्होंने हाल ही में इस्तीफा दिया था। डॉ. प्रतीक वर्षों से लंदन मंक कार्यरत थे और इस बार पूरे परिवार को साथ ले जाने आए थे। इस हादसे के बाद बांसवाड़ा में शोक की लहर फैल गई है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को बांसवाड़ा में प्रस्तावित प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के कार्यक्रम को स्थगित कर दिया है। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी त्रिपुरा सुंदरी मंदिर दर्शन का अपना दौरा रद्द कर दिया है।

हादसे में बालोतरा की खुशबू की मौत

बालोतरा निवासी मदन सिंह राजपुरोहित की बेटी खुशबू की प्लेन में सवार होने से कुछ क्षण पहले ली गई तस्वीर अब आखिरी याद बन गई है। खुशबू के पति लंदन में डॉक्टर हैं। वह बुधवार रात को अपने पिता के साथ अहमदाबाद के लिए रवाना हुई थीं। पिता उन्हें एयरपोर्ट छोड़कर लौट ही रहे थे कि हादसे की सूचना मिली।

बीकानेर के श्रीडूंगरगढ़ से पूर्व विधायक का दोहिता भी हादसे में शामिल

बीकानेर के श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र से पूर्व विधायक रहे किशनाराम नाई के दोहिता अभिनव परिहार (पुत्र शिव परिहार) की भी इस हादसे में मौत हो गई। अभिनव लंदन में बिजनेस कर रहे थे और हाल ही में अहमदाबाद में ट्रेडिंग ऑफिस शुरू किया था। वह यहीं स्थायी रूप से बसने की योजना बना रहे थे। हादसे से दो दिन पहले ही वे अपने करीबी रिश्तेदार जितेंद्र मारू से मिलने राजकोट गए थे, जहां उन्हें परिवार को भारत बुलाकर यहीं रहने की सलाह दी गई थी। अभिनव भी यही सोचकर लंदन जा रहे थे कि पत्नी श्वेता और बेटे विहान को साथ लेकर हमेशा के लिए भारत लौट आएं।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अहमदाबाद में हुई भीषण विमान दुर्घटना पर गहरा शोक जताया

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार को अहमदाबाद विमान दुर्घटना पर गहरा दुःख जताते हुए इस भीषण हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। शर्मा ने हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के निधन पर भी संवेदनाएं जतायी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस दुर्घटना में मारे गए सभी लोग हमारे अपने थे। दुःख की इस घड़ी में केन्द्र सरकार और राज्य सरकारें हर तरह से उनके परिजनों के साथ खड़ी हैं। गुजरात सरकार और केंद्र सरकार इस हादसे से उत्पन्न स्थिति को संभालने में जुटी हुई हैं और पड़ोसी राज्य होने के नाते राजस्थान सरकार भी हरसंभव सहयोग को तैयार है। उन्हाेंने कहा कि अब तक इस विमान में राजस्थान के 11 यात्रियों के सवार होने की जानकारी मिली है। ये यात्री उदयपुर, बांसवाड़ा, बीकानेर और बालोतरा जिलों के निवासी थे।

उन्होंने दूरभाष के माध्यम से परिजनों से बात कीं और ढांढ़स बंधाया। वहीं, जिला प्रशासन लगातार मृतकों के परिजनों के संपर्क में है और उनकी हरसंभव सहायता सुनिश्चित कर रहा है। अहमदाबाद विमान दुर्घटना की जानकारी मिलते ही श्री शर्मा ने मुख्यमंत्री निवास पर प्रस्तावित सभी बैठकों सहित अन्य कार्यक्रम निरस्त कर दिए। मुख्यमंत्री जयपुर में कल 13 जून को आयोजित होने वाले योग महोत्सव में भी शिरकत भी नहीं करेंगे। वहीं, शुक्रवार को बांसवाड़ा में प्रस्तावित प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के राज्य स्तरीय कार्यक्रम को भी रद्द कर दिया गया है।