हैती के राष्ट्रपति होवेनेल मोसे की हत्या की साजिश 28 लोगों ने मिलकर की थी, 2 अमेरिकी भी थे शामिल

हैती के राष्ट्रपति होवेनेल मोसे की हत्या की साजिश 28 लोगों ने मिलकर की थी। इनमें हैती मूल के दो अमेरिकी और 26 कोलंबियाई नागरिक शामिल थे। इनमें से तीन कोलंबियाई संदिग्धों को पुलिस ने ढेर कर दिया है। हैती पुलिस ने गुरुवार को यह खुलासा किया। हत्या बुधवार को की गई थी।

हैती पुलिस के डायरेक्टर लियोन चार्ल्स ने बताया कि 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें से 15 कोलंबियाई और दो हैती मूल के अमेरिकी शामिल हैं। आठ हमलावर अभी फरार हैं। चाल्र्स के मुताबिक, जब हत्यारे इस घटना को अंजाम देकर भाग रहे थे,तभी पुलिस ने उन्हें घेर लिया। तब से ही दोनों तरफ से फायरिंग की जा रही है।

बुधवार सुबह करीब 5 बजे हैती की राजधानी पोर्ट-ऑ-प्रिंस स्थित राष्ट्रपति भवन में भारी हथियारों से लैस हमलावर घुसे थे। उन्होंने 53 साल के राष्ट्रपति मोसे और उनकी पत्नी मार्टिना मोसे पर अंधाधुंध गोलियां दाग दीं।

प्रेसिडेंट के शरीर पर 12 गोलियां लगीं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। उनका फ्लोरिडा में इलाज चल रहा है। राष्ट्रपति के तीनों बच्चे सुरक्षित हैं।

यह भी पढ़ें-बगदाद में अमेरिकी दूतावास पर हमला, एक के बाद एक तीन रॉकेट दागे गए