
आज पूरा देश भारत की आजादी की 75वीं वर्षगांठ मना रहा है। स्वतंत्रता दिवस के इस मौके पर लाल किले से लेकर देश के अलग-अलग हिस्सों में तिरंगा फहराया जा रहा है। आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी में जश्न का माहौल, घर घर तिरंगे लहराए जा रहे है।

लाल किले से PM नरेंद्र मोदी ने फहराया 9वीं बार राष्ट्रध्वज
भारत आज आजादी की 75वीं सालगिरह मना रहा है। इस खास मौके पर पीएम मोदी ने नौवीं बार लाल किले पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया और देश को संबोधित किया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार सुबह ट्वीट कर सभी देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी।

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लाल किले की प्राचीर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिला सम्मान की बात की
नई दिल्ली। उन्होंने देशवासियों को महिलाओं का अपमान न करने का संकल्प दिलवाया. महिला सम्मान की बात अक्सर कही जाती है, लेकिन क्या आधी आबादी को वो सम्मान मिला है, जो पुरुषों को मिला है? क्योंकि महिलाओं के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं. राजनीति में भी उनकी हिस्सेदारी काफी कम है।
देश में महिलाओं की आबादी 49 फीसदी के आसपास है, यानी आधी आबादी। लेकिन क्या आधी आबादी के हिसाब से महिलाओं को वो सम्मान मिला है, जो पुरुषों को मिला है। ये सवाल इसलिए क्योंकि स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लाल किले की प्राचीर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं को अपमानित न करने का संकल्प दिलवाया है, उन्होंने इसे अपनी सबसे बड़ी पीड़ा करार दिया।
लाल किले से पीएम मोदी ने कहा, ‘क्या हम स्वभाव से, संस्कार से रोजमर्रा की जिंदगी में नारी को अपमानित करने वाली हर बात से मुक्ति का संकल्प ले सकते हैं? नारी का गौरव राष्ट्र के सपने पूरे करने में बहुत बड़ी पूंजी बनने वाला है। ये सामर्थ्य मैं देख रहा हूं। ‘
आधी आबादी को सम्मान देने की बात कही तो अक्सर जाती है, लेकिन क्या वाकई ऐसा है? क्योंकि, जिस संसद से कानून बनते हैं, वहां लोकसभा और राज्यसभा में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण देने का बिल अब तक पास नहीं हो सका है. इस समय लोकसभा के 543 सांसदों में से 81 और राज्यसभा के 237 सांसदों में से 33 ही महिलाएं हैं. यानी, लोकसभा और राज्यसभा में 15% से भी कम है आधी आबादी का प्रतिनिधित्व।