
विश्व ब्लिट्ज शतरंज चैंपियनशिप में रचा इतिहास
उदयपुर। राजस्थान की 9 वर्षीय शतरंज खिलाड़ी कियाना परिहार ने ग्रीस में आयोजित विश्व ब्लिट्ज शतरंज चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया है। उदयपुर की रहने वाली कियाना ने अंडर-10 बालिका वर्ग में भाग लिया और 11 में से 9 अंक अर्जित किए। उन्होंने यह पदक टाई ब्रेक के आधार पर अपने नाम किया।
कियाना ने पोलैंड, बेलारूस, रोमानिया, वियतनाम, ट्यूशिनिया, स्लोवाकिया, यूक्रेन और तुर्कमेनिस्तान जैसी विभिन्न देशों की प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को हराया। उनकी जीत ने उन्हें विश्व स्तर पर शीर्ष युवा शतरंज खिलाड़ियों में शामिल कर दिया है।
यह चैम्पियनशिप 12 से 18 अप्रैल 2025 तक ग्रीस में आयोजित हुई थी। इसमें दुनियाभर के युवा खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। कियाना ने कांस्य पदक जीतकर भारत के लिए गौरव का क्षण पैदा किया। कियाना परिहार इससे पहले भी कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पदक जीत चुकी हैं। वर्ष 2022 में उन्होंने राष्ट्रीय स्कूल शतरंज चैंपियनशिप (U-7) में रजत पदक हासिल किया था। 2023 में अल ऐन, यूएई में एशियन यूथ शतरंज चैंपियनशिप में उन्होंने स्टैंडर्ड में स्वर्ण, रैपिड में रजत और टीम इवेंट्स में तीन स्वर्ण पदक जीते थे। 2024 में कजाकिस्तान में टीम ब्लिट्ज में भी वे स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं।
2024 के अंत में उन्होंने राष्ट्रीय अंडर-9 बालिका चैंपियनशिप का खिताब भी अपने नाम किया था। वहीं, बटुमी (जॉर्जिया) में आयोजित FIDE वर्ल्ड कप 2024 में अंडर-10 बालिका वर्ग में वे 9वें स्थान पर रही थीं।
अब कियाना 2025 में भारत की ओर से कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेंगी, जिनमें बटुमी में FIDE वर्ल्ड कप, थाईलैंड में एशियन यूथ चेस चैंपियनशिप, विश्व कैडेट शतरंज चैंपियनशिप और कॉमनवेल्थ शतरंज चैंपियनशिप शामिल हैं।