
केदारनाथ धाम को 20 क्विंटल फूलों से सजाया गया, हेलिकॉप्टर से पुष्पवर्षा
देहरादून। केदारनाथ धाम के कपाट सुबह सात बजे श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। इस अवसर पर केदारनाथ मंदिर को 20 क्विंटल फूलों से सजाया गया। हजारों श्रद्धालु इसके साक्षी बने। इस दौरान श्रद्धालुओं पर हेलिकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई। कपाट खुलने के बाद धाम में पहली पूजा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नाम से की गई। इसी के साथ ही चार धाम यात्रा भी शुरू हो गई।
महादेव के जयकारों से गूंजा केदारनाथ धाम
कपाट खुलते ही धाम महादेव के जयकारों से गूंज उठा। गर्भगृह में भगवान केदारनाथ की विशेष पूजा-अर्चना के बाद ग्रीष्मकाल के लिए दर्शन शुरू हो गए। केदारनाथ धाम के कपाट खुलने के बाद अब 12 मई को बदरीनाथ धाम के कपाट भी तीर्थयात्रियों के लिए खोल दिए जाएंगे।
मुख्यमंत्री धामी ने की देश की उन्नति की कामना
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केदारनाथ धाम में देवाधिदेव महादेव की सम्पूर्ण विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर समस्त प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि एवं राष्ट्र की उन्नति की कामना की। साथ ही केदारनाथ धाम परिसर में आयोजित लोक नृत्य का आनंद उठाया। श्रीकेदारपुरी में विभिन्न राज्यों से आए श्रद्धालुओं से संवाद कर उनके यात्रा अनुभव की जानकारी ली। साथ ही विशाल भंडारे की व्यवस्था में सहयोग करते हुए भक्तजनों को प्रसाद भी वितरित किए।
केदारनाथ धाम के साथ यमुनोत्री धाम के कपाट भी खुले
उत्तरकाशी। केदारनाथ धाम के साथ विश्वप्रसिद्ध यमुनोत्री धाम के कपाट वैदिक मंत्रोच्चार के साथ आज अक्षय तृतीया पर पूर्वाह्न 10:29 बजे रोहिणी नक्षत्र में श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए। मां यमुना की डोली शनि महाराज की डोली के साथ यमुनोत्री धाम पहुंची, जहां यमुना पूजन के बाद रोहिणी नक्षत्र में 10:29 पर विधि-विधान के साथ मां यमुना के कपाट खोल दिए गए। इस मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें: कांग्रेस ने हमेशा किया गरीबी हटाने का झूठा चुनावी वादा – मुख्यमंत्री भजनलाल