लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण में दोपहर 1 बजे तक 40.09 प्रतिशत मतदान

लोकसभा चुनाव
लोकसभा चुनाव

लोकसभा चुनाव : हिमाचल में सर्वाधिक, बिहार में सबसे कम मतदान

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के सातवें और अंतिम चरण में शनिवार को सात राज्यों और एक केंद्रशासित प्रदेश की 57 संसदीय सीटों पर मतदान जारी है। इन सीटों पर दोपहर 1 बजे तक 40.09 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। हिमाचल प्रदेश में सर्वाधिक 48.63 प्रतिशत जबकि बिहार में सबसे कम 35.65 प्रतिशत मतदान हुआ। ओडिशा राज्य विधानसभा की शेष 42 सीटों के लिए भी मतदान जारी है। दोपहर 1 बजे तक यहां 37.64 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

लोकसभा चुनाव : 4 जून को मतगणना

शाम 6 बजे इस चरण के पूरा होते ही 19 अप्रैल से 543 लोकसभा सीटों के लिए शुरू हुई सात चरणों की मैराथन मतदान प्रक्रिया खत्म हो जाएगी। 4 जून को मतगणना होगी और उसी दिन नतीजे आएंगे।

कहां कितना प्रतिशत मतदान

बिहार-35.65 प्रतिशत
चंडीगढ़-40.14 प्रतिशत
हिमाचल प्रदेश-48.63 प्रतिशत
झारखंड-46.80 प्रतिशत
ओडिशा-37.64 प्रतिशत
पंजाब-37.80 प्रतिशत
उत्तर प्रदेश-39.&1 प्रतिशत
पश्चिम बंगाल-45.07 प्रतिशत

किस राज्यों में कितनी सीटें

उत्तर प्रदेश-13
पंजाब-13
हिमाचल प्रदेश-4
पश्चिम बंगाल-9
बिहार-8
ओडिशा-6
झारखंड-3
चंडीगढ़-1

लुधियाना में ईवीएम खराब होने पर लोगों ने दिया धरना

पंजाब के लुधियाना में ईवीएम खराब होने से गुस्साए लोगों ने मतदान केंद्र पर हंगामा किया और धरना दिया। पुलिस तथा सिविल प्रशासन के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। ईवीएम खराब होने के कारण दो घंटे तक मतदान प्रक्रिया बाधित हुई। लुधियाना के भाविया इलाके में बने मतदान केंद्र पर पूर्वाह्न करीब 11 बजे ईवीएम खराब हो गई। उस समय कतार में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। यहां धूप से बचाव के लिए कोई प्रबंध भी नहीं था। ईवीएम ठीक नहीं होने पर लोग भड़क गए और वोटिंग का बहिष्कार करके मतदान केंद्र के बाहर धरने पर बैठ गए। सूचना मिलने पर जिला निर्वाचन अधिकारी तथा आला पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। मौके पर पहुंचे इंजीनियरों ने ईवीएम को ठीक किया। करीब दो घंटे बाद यहां दोबारा मतदान प्रक्रिया शुरू हुई।

शाम को एग्जिट पोल

लोकसभा चुनाव का आखिरी और सातवां चरण पूरा होते ही टीवी चैनल और सर्वे एजेंसियां अपना एग्जिट पोल प्रसारित करेंगी। लोगों को इस बात का इंतजार है कि इस बार ताज किसके सिर पर बंधेगा।

यह भी पढ़ें:दिल्ली में जल संकट: सरकार पहुंची अदालत