
शिवसेना नेता के बेटे ने दंपती को टक्कर मारी, महिला की मौत, हिट एंड रन का आरोपी फरार
मुंबई। मुम्बई में एक और हिट एंड रन का मामला सामने आया है। शहर के वर्ली इलाके में एट्रिया मॉल के पास रविवार सुबह शिवसेना नेता (शिंदे गुट) के बेटे ने अपनी बीएमडब्ल्यू कार से एक दंपती को पीछे से टक्कर मारी दी और फरार हो गया। इस हादसे में महिला की मौत हो गई और पति गंभीर रूप से घायल हो गया। इतना ही नहीं टक्कर मारने के बाद कार सवार युवक महिला को 100 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया।
यहां मिली जानकारी के अनुसार, वर्ली के कोलीवाड़ा में रहने वाले मछुआरा पति-पत्नी प्रदीप नखवाऔर कावेरी नखवा मछली लेने के लिए ससून डॉक गए थे। मछली से लदी अपनी स्कूटी के साथ वापस लौटते समय उन्हें एक बीएमडब्ल्यू कार ने पीछे से टक्कर मार दी। एक्सीडेंट में घायल कावेरी की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उनके पति प्रदीप को गंभीर चोटें आई हैं और अस्पताल में भर्ती हैं।

शिवसेना नेता राजेश शाह हिरासत में
वर्ली पुलिस के मुताबिक जिस बीएमडब्ल्यू कार ने स्कूटी सवार पति-पत्नी को पीछे से टक्कर मारी, उसे मिहिर शाह नाम का युवक चला रहा था। उसके पिता राजेश शाह पालघर जिले में एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के पदाधिकारी हैं। मिहिर के बगल वाली सीट पर एक और शख्स बैठा था, जो उसका ड्राइवर था। हादसे के बाद मिहिर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने राजेश शाह को हिरासत में ले लिया है। बीएमडब्ल्यू कार उनके ही नाम पर रजिस्टर्ड है, जिसने स्कूटी को टक्कर मारी।
आरोपी कोई भी हो, सख्त कार्रवाई होगी: एकनाथ शिंदे
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि मुंबई में जो हिट एंड रन का मामला आया है वह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। मैंने पुलिस से बातचीत की है, कोई भी हो एक नजर से देखा जाएगा, किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि कानूनी कार्रवाई सख्ती से की जाएगी। कानून के सामने सब बराबर हैं।
कुछ दिन पहले पुणे में हुआ था हिट एंड रन केस
कुछ दिन पुणे में एक नाबालिग ने अपनी पोर्श कार से बाइक सवार लड़के और लड़की को टक्कर मार दी थी, जिसमें दोनों की मौत हो गई थी। लड़का और लड़की पुणे की एक आईटी कंपनी में जॉब करते थे। गत 29 जून की सुबह अंधेरी ईस्ट फ्लाईओवर पर भी एक दुर्घटना हुई थी।
यह भी पढ़ें:उत्तराखंड में बारिश का कहर: दरकते पहाड़, उफनती नदियां