मनु भाकर ने भारत को दिलाया पहला पदक

मनु भाकर
मनु भाकर

मनु भाकर ने 10 मीटर एयर पिस्टल इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीता
पेरिस ओलिंपिक में रचा इतिहास

पेरिस। पेरिस ओलिंपिक में भारतीय शूटर मनु भाकर ने इतिहास रच दिया है। उन्होंने महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीता। ओलिंपिक के इतिहास में शूटिंग में मेडल दिलाने वाली मनु पहली भारतीय महिला हैं। उन्होंने फाइनल में 221.7 पॉइंट्स के साथ कांस्य जीता।
इस इवेंट में कोरिया की ओह ये जिन ने गोल्ड जीता। उन्होंने 243.2 पॉइंट स्कोर करके ओलिंपिक रिकॉर्ड बनाया।वहीं कोरिया की ही किम येजी ने सिल्वर मेडल जीता। उन्होंने 241.3 पॉइंट बनाए।

टोक्यो ओलिंपिक में मनु भाकर का नहीं दिया था भाग्य ने साथ

2021 के टोक्यो ओलिंपिक में मनु की पिस्टल खराब हो गई थी। 20 मिनट तक वे निशाना नहीं लगा पाईं। पिस्टल ठीक हुई, तब भी मनु सिर्फ 14 शॉट लगा पाईं और फाइनल की रेस से बाहर हो गईं थीं। मनु निराश थीं लेकिन उन्होंने वापसी की और पेरिस ओलिंपिक्स में भारत को मेडल दिलाया।

शूटिंग में 12 साल बाद मेडल दिलाया

मनु भाकर ने भारत को ओलिंपिक में 12 साल बाद शूटिंग का मेडल दिलाया है। भारत को इस खेल में आखिरी ओलिंपिक मेडल 2012 में मिला था। यह शूटिंग में भारत का अब तक का 5वां मेडल है। राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने 2004 में सिल्वर, अभिनव बिंद्रा ने 2008 में गोल्ड और 2012 में विजय कुमार ने सिल्वर और गगन नारंग ने ब्रॉन्ज जीता था।

अर्जुन बाबुता ने फाइनल के लिए क्वालिफाई किया

भारत के अर्जुन बाबुता 10 मीटर एयर राइफल मेंस क्वालिफिकेशन में सातवें स्थान पर रहे। इसके साथ ही उन्होंने फाइनल के लिए क्वालिफाई कर लिया है। बाबुता ने कुल 630.1 अंक बनाए। हालांकि, एक अन्य भारतीय संदीप सिंह 629.3 अंक के साथ 12वें स्थान पर रहे और फाइनल के लिए क्वालिफाई नहीं कर सके।

यह भी पढ़ें:हरिभाऊ किसनराव बागड़े राजस्थान के नए राज्यपाल