
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को अपने दो देशों के दौरे की शुरुआत करते हुए पोलैंड पहुंचे, इस दौरान वह यूक्रेन की राजधानी कीव भी जाएंगे। यूक्रेन की अपनी यात्रा के दौरान, मोदी राष्ट्रपति वलोडिमिर ज़ेलेंस्की के साथ बातचीत करने के लिए तैयार हैं, और शांतिपूर्ण समाधान खोजने पर विचारों का आदान-प्रदान करेंगे। इससे पहले पीएम मोदी ने पोलैंड में अपने संबोधन में कहा कि आप सभी पोलैंड के अलग-अलग हिस्सों से आए हैं।
सबकी अलग-अलग भाषाएं हैं, बोलियां हैं, खान-पान है, लेकिन आप सभी भारतीयता के भाव से जुड़े हुए हैं। आपने यहां इतना शानदार स्वागत किया है, मैं आप सभी का, पोलैंड की जनता का इस स्वागत के लिए बहुत आभारी हूं।भारत को विश्व बंधु के रूप में सम्मान मिल रहा भारत, बुद्ध की विरासत वाली धरती है, जो युद्ध नहीं, शांति पर विश्वास करती है। इसलिए, भारत इस रीजन में भी स्थाई शांति का एक बड़ा पैरोकार है। भारत का मत एकदम साफ है, ये युद्ध का युग नहीं है। भारत का विसडम ग्लोबल है, जिन ग्लोबल है, हमारे पूर्वजों ने हमें वसुधैव कुटुंबकम का मंत्र दिया है।
भारत का कल्चर ग्लोबल है, केयर और कम्पैशन ग्लोबल है, हमने पूरी दुनिया को एक परिवार माना है और यही आज के भारत की नीति और निर्णयों में नजर आता है। आज का भारत सबसे जुड़ना चाहता है, आज का भारत सबके विकास की बात करता है, आज का भारत सबके साथ है, सबके हित की सोचता है। हमें गर्व है कि आज दुनिया, भारत को विश्व बंधु के रूप में सम्मान दे रही है।