
नई दिल्ली। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में गुरुवार देर रात करीब 1.20 बजे लैंडस्लाइड के कारण 4 लोगों की मौत हो गई। रेस्क्यू में जुटी एनडीआरएफ की टीम ने सुबह चारों के शव मलबे से निकाले। इधर, बद्रीनाथ नेशनल हाईवे भी तेज बारिश और लैंडस्लाइड के कारण बंद हो गया है। चमोली पुलिस ने बताया कि मलबा हटाने का काम जारी है। पूर्वोत्तर राज्य त्रिपुरा में पिछले 5 दिनों में भारी बारिश, बाढ़ और लैंडस्लाइड के कारण 17 लाख लोग प्रभावित हैं। 22 लोगों की मौत हो चुकी है। 65 हजार लोग 450 रिलीफ कैंप में हैं। उत्तर प्रदेश के 10 जिलों के 80 से ज्यादा गांव बाढ़ से प्रभावित हैं। बलिया में गंगा और बाराबंकी में घाघरा नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। राजस्थान में आज 26 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है।
त्रिपुरा में 1900 से ज्यादा लैंडस्लाइड

त्रिपुरा में पिछले 5 दिनों में 1900 से ज्यादा लैंडस्लाइड हुई हैं। असम राइफल्स की राइफलवुमन बचाव कार्यों का नेतृत्व कर रही हैं। पूरे राज्य से अब तक 750 से अधिक लोगों को निकाला जा चुका है।
गृहमंत्री शाह ने त्रिपुरा सीएम से बात की
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को त्रिपुरा के सीएम मणिक साहा को फोन करके राज्य में बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया और उन्हें केंद्र की ओर से हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। शाह ने कहा कि बचाव कार्यों में सहायता के लिए एनडीआरएफ की 4 टीमें पहुंची है।
24 अगस्त को 10 राज्यों में 12 सेमी बारिश की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक, गुजरात में भारी से अतिभारी बारिश (20 सेमी) का अलर्ट है। राजस्थान में 24-26 अगस्त के दौरान कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है।
मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, मध्य महाराष्ट्र में भारी बारिश (12 सेमी) की संभावना है।
उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र के विदर्भ, अंडमान-निकोबार, गांगेय पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, केरल, तेलंगाना, तटीय और आंतरिक कर्नाटक में भारी बारिश (7 सेमी) बारिश की संभावना है।
मध्य प्रदेश में 24 और 25 अगस्त को भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, समेत 31 जिलों के लिए भारी बारिश होने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
यह भी पढ़ें : सोलह बीघा भूमि पर दो अवैध कॉलोनियों को किया ध्वस्त