जम्मू सडक़ दुर्घटना में राजस्थान का जवान शहीद, 9 महीने पहले हुई थी शादी

जम्मू में सडक़ दुर्घटना
जम्मू में सडक़ दुर्घटना

राजाखेड़ा। जम्मू के कठुआ जिले में शुक्रवार को राजस्थान का जवान शहीद हो गया। वे राजाखेड़ा (धौलपुर) के रहने वाले थे। उनकी पार्थिव देह आज दोपहर करीब 2 बजे उनके पैतृक गांव दूल्हे राय का घेर पहुंचेगी। शहादत की जानकारी के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शहीद की पत्नी को भी तबीयत बिगडऩे के बाद हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया है। शहीद रामकिशोर की 18 सितंबर को आखिरी बार फोन पर पत्नी से बात हुई थी। उन्होंने जनवरी में घर आने का वादा किया था। धौलपुर कलेक्टर श्रीनिधि बीटी ने बताया कि रामकिशोर ड्यूटी के दौरान ट्रैवल कर रहे थे। इस दौरान उनका वाहन हादसे का शिकार हो गया। वहीं, अभी तक शहीद के घर प्रशासन के लोगों और अधिकारियों के नहीं आने पर ग्रामीणों में रोष है।

10 दिन पहले ही ड्यूटी पर लौटे थे

वीरांगना
वीरांगना

कुमाऊं रेजिमेंट के रामकिशोर घर में उनके पिता, मां, तीन बड़े भाई और दो बहनें हैं। पिता महावीर ने बताया कि बेटा 11 सितंबर को ही 20 दिन की छुट्टी बिताकर ड्यूटी पर लौटे थे। शहीद रामकिशोर साल 2019 में आर्मी में भर्ती हुए थे। उनकी शादी 7 दिसंबर 2023 को उत्तर प्रदेश के जरारी गांव निवासी दिव्या के साथ हुई थी। वीरांगना दिव्या ने रोते हुए कहा कि- जब वे ड्यूटी पर जा रहे थे, मैंने जाने के लिए मना किया था, लेकिन वह नहीं माने। परसों (बुधवार) शाम को उनसे बात हुई थी। उन्होंने कहा था कि जनवरी-फरवरी में आने की कोशिश करूंगा।

आज दोपहर को गांव पहुंचेगी पार्थिव देह

बड़े भाई
बड़े भाई

शहीद की पार्थिव देह को आज दोपहर करीब 2 बजे तक उनके गांव लाया जाएगा। जवान को अंतिम विदाई देने के लिए पूरा गांव इंतजार में हैं। ग्रामीण विजय बाबू ने बताया कि जवान के शहीद होने की खबर शुक्रवार दोपहर को ही प्रशासन को दे दी गई थी। तब से लेकर शनिवार सुबह 8 बजे तक कोई भी प्रशासन का अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा है। वहीं तहसीलदार टीकेंद्र सिंह ने कहा कि शहीद को लेकर जानकारी है और जल्द ही सभी अधिकारी गांव पहुंचेंगे।

यह भी पढ़ें : मुख्यमंत्री शर्मा की ब्रिटिश उप उच्चायुक्त से मुलाकात