
रायपुर। मध्यप्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने रायपुर एयरपोर्ट पर राहुल गांधी को लेकर बड़ा बयान दिया। साथ ही कैलाश विजयवर्गीय ने छत्तीसगढ़ कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने राहुल गांधी को लेकर कहा कि एक गांधी देश के गरीबों के लिए अपने कपड़े उतार कर जीते थे। बकरी का दूध पिया करते थे। वहीं यह गांधी को थाईलेंड जाकर छुट्टी मनाते हैं। वो गांधी गाय की पूजा करते थे। यह गांधी तो बीफ खाता है। इसके अलावा पीसीसी चीफ के गांधी की आंधी वाले बयान पर कहा कि यह कौन से गांधी की बात कर रहे हैं। वह गांधी जो देश के लिए जिया करते थे या वह गांधी जो हिंदी में ठीक से गांधी भी नहीं लिख सकते हैं।
राहुल गांधी पर साधा निशाना
कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि उन गांधी को तो हम भी मानते हैं, उनका पूरा सम्मान करते हैं। यह गांधी देश के लिए कहीं न कहीं नकारात्मक है। जिस तरह से विदेशों में जाकर राहुल गांधी भारत के खिलाफ बयानबाजी करते हैं, यह दुर्भाग्यपूर्ण है। आपातकाल में कांग्रेस ने क्या किया है। देश के लोगों के साथ यह हम सभी जानते हैं।
वक्फ बोर्ड को लेकर भी बोले
कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि, वक्फ बोर्ड की सच्चाई अब पूरा देश समझ चुका है। वक्फ बोर्ड के नाम पर कुछ लोग जमीन की खरीद फरोख्त का काम किया करते थे। अब ये नहीं चलेगा। मुस्लिम लोग भी इस बात को समझ चुके हैं। इसके साथ ही विजयवर्गीय ने पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में हुई हिंसा को लेकर ममता बनर्जी पर निशाना साधा। विजयवर्गीय ने कहा कि, ममता बनर्जी को हिंदुओं की तनिक भी चिंता नहीं है। ममता बनर्जी को बस अपनी कुर्सी की चिंता है।
कार्यक्रम में होंगे शामिल
बीजेपी प्रदेशभर में बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर जयंती पर देशभर में 10 दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन कर रही है। राजनांदगांव में भी एक ऐसा ही कार्यक्रम होगा। जिसमें शामिल होने के लिए कैलाश विजयवर्गीय छत्तीसगढ़ पहुंचे। रायपुर पहुंचने पर एयरपोर्ट पर बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।