प्रबुद्धजन भाजपा से जुड़ रहे, कांग्रेस-आप के वरिष्ठ नेताओं ने भी थामा दामन : मदन राठौड़

मदन राठौड़
मदन राठौड़

जयपुर। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की विचारधारा से प्रभावित होकर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेताओं सहित समाज के प्रबुद्धजनों ने गुरुवार को भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने सभी नए सदस्यों का भाजपा परिवार में स्वागत किया।
इस अवसर पर मदन राठौड़ ने कहा कि आज देश का बुद्धिजीवी वर्ग सभी राजनीतिक दलों के कार्यों, वादों और विचारधाराओं का गहन अध्ययन और चिंतन करता है। उन्होंने कहा कि भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो किसी परिवार विशेष की सेवा नहीं करती, बल्कि देश के आम नागरिकों को प्राथमिकता देती है। उन्होंने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि उनका भाजपा परिवार में आना पार्टी के लिए गर्व की बात है।

राठौड़ ने कहा कि प्रबुद्धजन यह चिंतन करते हैं कि कौन सी राजनीतिक पार्टी देश को समृद्ध बना सकती है, देश का मान बढ़ा सकती है और देशवासियों को सुरक्षा दे सकती है। उन्होंने कहा कि भाजपा ही देश के 140 करोड़ भारतीयों के विकास की चिंता करती है। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा में शामिल होने वाले ये प्रबुद्धजन अकेले नहीं हैं, बल्कि समाज में उनका एक प्रभाव है और उनके प्रभाव क्षेत्र के लोग भी भाजपा से जुड़ेंगे, जिससे पार्टी और मजबूत होगी। कार्यक्रम में विधायक बाल मुकुंदाचार्य, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सरदार अजयपाल सिंह, भाजपा प्रदेश मंत्री पिंकेश पोरवाल और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने नए सदस्यों को पार्टी की सदस्यता दिलाई।

सदस्यता ग्रहण करने वालों में वार्ड 95 के पार्षद प्रत्याशी मनोज ठाकवानी, कांग्रेस महिला पूर्व महासचिव अंजना त्रिलोकानी, आप के मुख्य प्रवक्ता मयंक त्यागी और अन्य गणमान्य व्यक्ति शामिल थे। कुल 34 लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। मदन राठौड़ ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के कथन “जो आज हमारा दुश्मन है, वह कल हमारा समर्थक बनेगा” का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा का हर कार्यकर्ता इसी दिशा में काम कर रहा है।