
सनातन संस्कृति से बढ़ेगा विश्व बंधुत्व, देवनानी विश्व के लिए योग व्यायाम ही नहीं बल्कि संस्कृति है
जयपुर। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा है कि सनातन संस्कृति से विश्व बंधुत्व की भावना का विकास होगा। उन्होंने कहा कि जर्मनी में निवास कर रहे प्रवासी भारतीयों को घरों में भारतीय संस्कृति का वातावरण बनाए रखना चाहिए।

राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने रविवार को बर्लिन में आयोजित एक समारोह में जर्मनी में भारतीयों के राष्ट्रवादी, सनातन और स्वयंसेवी संगठनों से मुलाकात की। जर्मनी के भारतीय संगठनों के प्रतिनिधियों ने देवनानी का अभिनंदन किया। x.com/VasudevDevnani
देवनानी ने कहा कि भारतीय संस्कृति केवल परंपरा ही नहीं है बल्कि यह मानव की जीवन शैली है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति विश्व को वसुधैव कुटुंबकम की भावना से जोड़ती है। देवनानी ने जर्मनी में प्रवासी भारतीयों का आव्हान किया कि वे भारतीय संस्कारों और मूल्य परंपराओं को सहेजें और विश्व में भारत की गौरव गाथा को आगे बढ़ाएं।
जर्मनी में देवनानी ने किया योग- विश्व योग दिवस पर राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने बर्लिन में योगाभ्यास किया।
देवनानी ने कहा की विश्व के लिए योग व्यायाम ही नहीं बल्कि संस्कृति है। उन्होंने कहा कि योग हमारे शारीरिक, मानसिक व आध्यात्मिक तीनों आयामों को संतुलित करता है और स्वस्थ, सुखी व श्रेष्ठ जीवन बनाने मे सहयोगी है। विश्व के लिए योग भारत की देन है। योग को वैश्विक स्तर पर प्रतिष्ठा प्राप्त हुई है, जिसका परिणाम है कि बीते दस वर्षों में दुनिया भर में लोग योग के प्रति सजग हुए हैं और इसे दैनिक जीवन का अंग बना रहे हैं।
यह भी पढ़े:संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने सुनीं लोगों की समस्याएं, दिए समाधान के निर्देश