महाराष्ट्र के तीन जिलों में ऑरेंज अलर्ट, देशभर में भारी बारिश की चेतावनी

मानसून, monsoon
मानसून, monsoon

मुंबई। भारतीय मौसम विभाग ने महाराष्ट्र के तीन जिलों, रायगढ़, रतनागिरी और पुणे के घाट क्षेत्रों में अगले 24 घंटों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही कोंकण तट पर ऊंची लहरें उठने की चेतावनी जारी की गई है और छोटी नावों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार राज्य में 22 जून की सुबह तक पालघर जिले में 19.8 मिमी बारिश हुई है।

देश के विभिन्न हिस्सों में मानसून की सक्रियता ने मौसम को सुहावना बना दिया है। राजधानी दिल्ली सहित कई राज्यों में शनिवार को हुई झमाझम बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी से राहत दिलाई। दिल्ली में सामान्य समय से लगभग तीन दिन पहले मानसून के दस्तक देने से शहरवासियों को गर्मी से निजात मिली। मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले कुछ दिनों तक देश के कई हिस्सों में भारी से अति भारी बारिश की संभावना जताई है।

आईएमडी ने रविवार के लिए देश के विभिन्न हिस्सों के लिए विस्तृत मौसम पूर्वानुमान जारी किया है। असम, मेघालय, पूर्वी राजस्थान, गुजरात, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, पंजाब, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना जताई गई है।

इसके अलावा, अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह, अरुणाचल प्रदेश, बिहार, तटीय कर्नाटक, पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी क्षेत्र, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, झारखंड, केरल और माहे में भी भारी बारिश का अनुमान है।