
जयपुर। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बुधवार को एक बडा खुलासा करते हुए आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को जयपुर और दिल्ली में हटाने का षड्यंत्र चल रहा है। उनकी पार्टी के ही लोग उनके खिलाफ षड्यंत्र कर रहे हैं। बार-बार मुख्यमंत्री को आगाह किया, लेकिन वह हमारी बात नहीं समझ पा रहे हैं। इनको पता नहीं चल रहा है कि क्या हो रहा है। गहलोत बुधवार को जोधपुर के सर्किट हाउस में जनसुनवाई के बाद पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे।
अशोक गहलोत ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का धन्यवाद ज्ञापित करता हूं कि उन्होंने कांग्रेस के पांच साल और अपने डेढ साल के कामकाज को लेकर इतना साहसिक बयान दिया है। हम स्पष्ट करना चाहते हैं कि जनता के बीच और मीडिया के माध्यम से जो हमें जन समस्याओं की जानकारी मिलती है, हम उन मुद्दों की तरफ सरकार का ध्यान आकर्षित करते हैं, जिसे वह राजनीतिक आलोचना समझ रहे हैं।
अभी सरकार बने हुए महज डेढ़ साल हुआ है, तो हम कोई भी राजनीतिक आरोप नहीं लगाना चाहते हैं। हम केवल जन समस्याओं की तरफ सरकार का ध्यान आकर्षित करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि यह कितनी बड़ी बात है कि पहली बार विधायक बनने वाले को मुख्यमंत्री बनाया जाता है तो उनको प्रदेश की जनता के हित का काम करना चाहिए था। हमारी सरकार की अच्छी योजनाओं को खत्म किया जा रहा है। जनता त्राहिमाम कर रही है। गहलोत ने कहा कि मुख्यमंत्री शर्मा के आसपास के लोग झूठी वाहवाही करके उन्हें बरगला रहे हैं। उन्होंने सलाह दी कि वे जनसुनवाई करें, कार्यकर्ताओं को अलग से बुला कर फीडबैक लें ताकि सही हालत की पहचान की जा सके।
आपातकाल से जुडे एक सवाल पर गहलोत ने कहा कि इनके पास हिंदुओं को भड़काने के अलावा कुछ नहीं है। आज बेरोज़गारी, महंगाई भयंकर बढ़ रही है, उसकी चिंता इनको नहीं है केवल इमर्जेंसी की बात करेंगे।
यह भी पढ़े :शेली-एन फ्रेजर-प्राइस का आखिरी मुकाबला: नेशनल चैंपियनशिप के बाद करेंगी संन्यास