
मुंबई। भाजपा नेता और सांसद रविशंकर प्रसाद ने बुधवार को मुंबई में कहा कि कांग्रेस पार्टी ने आपातकाल के दौरान संविधान का गला घोंट दिया था। सांसद प्रसाद ने कहा कि क्या कांग्रेस पार्टी इसके लिए देश की जनता से माफी मांगेगी।
सांसद रविशंकर प्रसाद आपातकाल की 50वीं वर्षगांठ के अवसर पर भाजपा के मुंबई स्थित प्रदेश कार्यालय में पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। सांसद प्रसाद ने कहा कि आपातकाल के दौरान देश भर में डेढ़ लाख लोगों को गिरफ्तार किया गया था। जनसंघ और समाजवादी पार्टी जैसे प्रमुख विपक्षी दलों के सभी नेताओं को गिरफ्तार किया गया था। लोकनायक जयप्रकाश नारायण को गिरफ्तार कर हरियाणा की जेल में रखा गया था।
मोरारजीभाई देसाई को भी उसी जेल में रखा गया था। हालांकि, दोनों से मिलने की अनुमति नहीं दी गई। जेल में आरएसएस के स्वयंसेवकों और जनसंघ कार्यकर्ताओं को शारीरिक यातनाएं दी गईं।
उन्होंने कहा कि विदेशी पत्रकारों के भारत में प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया गया था। अखबारों पर प्री-सेंसरशिप लगा दी गई थी। सरकारी अधिकारियों को नसबंदी का लक्ष्य दिया गया था। 60 लाख लोगों की जबरन नसबंदी की गई थी। कई लोगों की बिना शादी के ही नसबंदी कर दी गई थी।