शिक्षा विभाग ने जारी की अंग्रेजी माध्यम शिक्षकों की नियुक्ति सूची

अंग्रेजी माध्यम
अंग्रेजी माध्यम

टोंक। राजस्थान के अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में नियुक्ति के लिए 25 अगस्त 2024 को हुई लिखित परीक्षा में सफल रहे लेवल-प्रथम के शिक्षकों की जिला व विद्यालयवार पदस्थापन सूची जारी कर दी गई है। यह नियुक्ति राजस्थान सिविल सेवा (अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में कार्मिकों की नियुक्ति के लिए विशेष चयन और सेवा की विशेष शर्तें) नियम, 2023 के तहत की जा रही है।

माध्यमिक शिक्षा निदेशालय बीकानेर ने चयनित शिक्षकों को उनके विकल्प और मेरिट के आधार पर विद्यालय आवंटित किए हैं। जिला स्तरीय चयन समिति की अनुशंसा के बाद चयन आदेश जारी कर पदस्थापन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। चयनित शिक्षकों को 30 जून 2025 को ऑनलाइन कार्यमुक्त किया जाएगा। उन्हें अधिकतम 2 जुलाई 2025 तक नए विद्यालय में कार्यग्रहण करना होगा। देरी की स्थिति में जिम्मेदारी संबंधित नियंत्रण अधिकारी की होगी।

पदस्थापन एक वर्ष के लिए होगा। कार्य संतोषजनक रहने पर हर साल एक-एक वर्ष के लिए बढ़ाया जा सकेगा। यदि किसी शिक्षक की छवि नकारात्मक पाई जाती है या परीक्षा परिणाम प्रतिकूल होता है, तो विभाग तीन माह तक पदस्थापन पर पुनर्विचार कर सकेगा। यदि चयनित शिक्षक को मूल संवर्ग में उच्च पद पर पदोन्नति मिलती है, तो उसे पदोन्नति पर पदस्थापन के लिए प्रतिवर्तित माना जाएगा।

नियुक्ति प्राधिकारी आवश्यकता अनुसार उसे अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में बनाए रखने का निर्णय ले सकेगा। शिक्षकों को जिले के किसी भी अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में पदस्थापित या स्थानांतरित किया जा सकेगा। इससे उनकी वरिष्ठता प्रभावित नहीं होगी। वरिष्ठता मूल रेंज या जिले में ही संरक्षित रहेगी।

यह भी पढ़े : शिविरा पंचांग जारी: नए सत्र में 134 छुट्टियां, 1 जुलाई से खुलेंगे स्कूल