राजेश मीना को मिली बड़ी जिम्मेदारी, महाराष्ट्र के मुख्य सचिव नियुक्त

राजेश मीना
राजेश मीना

मुंबई। राजस्थान के टोंक जिले के मूल निवासी और वरिष्ठ आईएएस अधिकारी राजेश कुमार मीना को महाराष्ट्र राज्य का नया मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है। वे 1988 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारी हैं। यह नियुक्ति वर्तमान मुख्य सचिव सुजाता सौनिक के 30 जून 2025 को सेवानिवृत्त होने के बाद प्रभाव में आई है।

राजेश मीना की नियुक्ति की सूचना के बाद राजस्थान खासकर टोंक और सवाई माधोपुर क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल देखा गया। मूल रूप से टोंक जिले के उनियारा कस्बे से संबंध रखने वाले मीना ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा वहीं से प्राप्त की थी। वर्ष 1988 में उन्होंने UPSC परीक्षा पास कर IAS सेवा जॉइन की थी और अपना प्रशासनिक करियर उत्तर प्रदेश कैडर से शुरू किया।

अपने करियर के दौरान वे कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्यरत रहे हैं, जिनमें जिला मजिस्ट्रेट, राजस्व विभाग के सचिव, और विभागीय आयुक्त जैसे संवेदनशील दायित्व शामिल हैं। हाल ही में, जुलाई 2024 में उन्हें उत्तर प्रदेश का गृह सचिव नियुक्त किया गया था। वहाँ उन्होंने कानून-व्यवस्था, पुलिस सुधार और अपराध नियंत्रण जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में बेहतरीन प्रशासनिक कार्य किया।

राजेश मीना की पारिवारिक पृष्ठभूमि भी उल्लेखनीय रही है। वे पूर्व सांसद जसकौर मीना के दामाद हैं और उनकी पत्नी अर्चना मीना सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय हैं तथा स्वदेशी जागरण मंच से जुड़ी हुई हैं। उनके पिता रामगोपाल मीना, सवाई माधोपुर पीजी कॉलेज में प्राचार्य रह चुके हैं।

उनकी इस नियुक्ति को एक प्रशासनिक उपलब्धि और राजस्थान के लिए सम्मान के रूप में देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि उनके नेतृत्व में महाराष्ट्र में शासन व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी और मजबूत दिशा मिल सकेगी।

यह भी पढ़े : धर्मशाला ट्रस्ट चुनाव में राजकुमार तिवाड़ी बने अध्यक्ष, दौसा में शांतिपूर्ण मतदान