हेमंत खंडेलवाल बने मध्य प्रदेश भाजपा के नए अध्यक्ष, धर्मेंद्र प्रधान ने किया औपचारिक ऐलान

हेमंत खंडेलवाल
हेमंत खंडेलवाल

भोपाल— मध्य प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को नया नेतृत्व मिल गया है। बैतूल से विधायक और पूर्व सांसद हेमंत खंडेलवाल को प्रदेश भाजपा का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। यह घोषणा केंद्रीय मंत्री और प्रदेश चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान ने मंगलवार को भोपाल स्थित भाजपा कार्यालय में एक समारोह के दौरान की।

धर्मेंद्र प्रधान का संबोधन
धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि “मध्य प्रदेश में भाजपा की यात्रा 1970 के दशक से निरंतर चल रही है और आज यह पार्टी करोड़ों कार्यकर्ताओं की निष्ठा, विचारधारा और परिश्रम के बल पर इस मुकाम तक पहुंची है।” उन्होंने पूर्व अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा और मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व की सराहना भी की।

हेमंत खंडेलवाल का बयान
अपनी नियुक्ति पर प्रतिक्रिया देते हुए हेमंत खंडेलवाल ने कहा, “जनसंघ से भाजपा तक 27 अध्यक्षों ने संगठन को मजबूत किया। उनका मार्गदर्शन और प्रेरणा हमें आज भी दिशा देती है। हमारा कर्तव्य है कि हम संगठन को और अधिक सशक्त बनाएं।”

निर्वाचन की प्रक्रिया
संगठन पर्व के अंतर्गत मंगलवार को अध्यक्ष पद के लिए नामांकन भरे गए थे। सिर्फ हेमंत खंडेलवाल ने ही नामांकन दाखिल किया, इसलिए उन्हें निर्विरोध चुना गया। निर्वाचन अधिकारी विवेक सेजवलकर ने उनके नामांकन की पुष्टि की।

संगठन पर्व की झलक:
राज्य में अब तक 1.73 करोड़ से अधिक नए सदस्य बने। 64,468 बूथ समितियों का गठन (99% कवरेज) हो चुका है। 62 जिलों में जिला अध्यक्षों का चुनाव सम्पन्न। प्रदेश अध्यक्ष के साथ-साथ 44 राष्ट्रीय परिषद सदस्यों का भी निर्वाचन हुआ है।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पांडे, विवेक सेजवलकर, महेंद्र सिंह, सतीश उपाध्याय सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।