रणबीर कपूर और यश की ‘रामायण’ की पहली झलक रिलीज, दिवाली 2026 पर पहले भाग का होगा भव्य आगाज

'रामायण'
'रामायण'

मुंबई— नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ की पहली झलक अब सामने आ चुकी है और यह कहना गलत नहीं होगा कि दर्शकों की उम्मीदों पर पूरी तरह खरी उतरी है। बुधवार को जारी किए गए टीज़र में रणबीर कपूर भगवान राम के रूप में अपने प्रभावशाली और संयमी अवतार में नजर आए, वहीं सुपरस्टार यश को रावण के रूप में देख दर्शक रोमांचित हो उठे।

फिल्म की स्टारकास्ट बेहद भव्य और आकर्षक है। रणबीर कपूर (राम) और यश (रावण) के अलावा, रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका निभा रहे हैं। सनी देओल, अपने दमदार अंदाज में भगवान हनुमान की भूमिका में नजर आएंगे। विजय सेतुपति विभीषण के किरदार में दिखाई देंगे, जबकि रकुल प्रीत सिंह शूर्पणखा के रूप में एक नई छवि में प्रस्तुत होंगी।

इसके अलावा, अरुण गोविल, जिन्होंने रामानंद सागर की टीवी रामायण में भगवान राम की भूमिका निभाई थी, इस फिल्म में राजा दशरथ के किरदार में नजर आएंगे। कुणाल कपूर भगवान इंद्र का रोल निभा रहे हैं। इतनी भव्य स्टारकास्ट के साथ, यह फिल्म केवल एक सिनेमाई अनुभव नहीं, बल्कि एक ऐतिहासिक सांस्कृतिक प्रस्तुति बनकर उभर रही है। फिल्म दो भागों में रिलीज होगी—पहला भाग दिवाली 2026 और दूसरा भाग दिवाली 2027 में सिनेमाघरों में आएगा। खास बात यह है कि सुपरस्टार यश न केवल रावण की भूमिका निभा रहे हैं, बल्कि इस प्रोजेक्ट के सह-निर्माता भी हैं।

बजट की बात करें तो फिल्म लगभग ₹835 करोड़ की लागत से बन रही है, जो इसे अब तक की सबसे महंगी भारतीय फिल्म बनाता है। पहली झलक के बाद से ही सोशल मीडिया पर ‘रामायण’ ट्रेंड कर रही है और फैंस फिल्म के हर अपडेट के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

यह भी पढ़े : कैलिफोर्निया में पटाखा गोदाम में भीषण विस्फोट, आग से 80 एकड़ क्षेत्र प्रभावित