
अहमदाबाद। दिल्ली में करारी हार के बाद अब आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को ऐलान कर दिया है कि गुजरात और पंजाब में आगामी विधानसभाा चुनाव में पार्टी अकेले दम पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस से किसी प्रकार का गठबंधन नहीं होगा।
अहमदाबाद में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर उन्होंने गुजरात में पार्टी के विस्तार और कांग्रेस-बीजेपी दोनों पर कड़ा रुख अपनाया। केजरीवाल ने कहा, पिछले 30 साल से गुजरात में भाजपा की सरकार है. इस राज्य को बर्बाद करने में बीजेपी ने कोई कसर नहीं छोड़ी है। सूरत में जो बाढ़ आई, वो मानव सृजित बाढ़ है, बीजेपी के भ्रष्टाचार का फल है। युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है. किसानों को यूरिया नहीं मिलता है।
सभी वर्ग भाजपा से नाराज हैं। फिर भी भाजपा लगातार जीत रही है क्योंकि लोगों के पास विकल्प नहीं था। सब लोग जानते हैं कि कांग्रेस उनकी जेब में है।. कांग्रेस पर लोगों का भरोसा नहीं है।
उन्होंने कहा कि इंडिया एलायंस सिर्फ लोकसभा चुनाव के लिए था। अब हमारा किसी से कोई गठबंधन नहीं है। यह जनता का सीधा संदेश है कि अब विकल्प आम आदमी पार्टी है। गुजरात में चुनाव लड़ेंगे और जीतेंगे। दिल्ली में हार पर कहा कि ऊपर-नीचे होता रहेगा। पंजाब में हमारी सरकार दोबारा बनेगी।