
दिल्ली से लंदन जा रही एयरलाइन की फ्लाइट में सवार 200 यात्री रहे दहशत में, जयपुर निवासी ने बताया हवा में उड़ाया गया फ्यूल
जयपुर। ब्रिटेन की वर्जिन अटलांटिक एयरलाइन की दिल्ली से लंदन जा रही अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट में रविवार को एक बड़ा हादसा टल गया। उड़ान के लगभग पांच घंटे बाद विमान के इंजन में फ्यूल लीक के संकेत मिले, जिसके बाद पायलट को तुर्की के इस्तांबुल एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। फ्लाइट में करीब 200 यात्री सवार थे, जो इस दौरान भारी दहशत में रहे।

फ्लाइट में सवार जयपुर प्रवासी राजस्थानी आलोक शर्मा ने बताया कि यह बोइंग ड्रीमलाइनर फ्लाइट रविवार को सुबह 11:15 बजे दिल्ली से लंदन के लिए रवाना होनी थी, लेकिन इसमें लगभग 45 मिनट की देरी हुई। उड़ान भरने के करीब पांच घंटे बाद पायलट को इंजन में ईंधन रिसाव (फ्यूल लीक) का अलार्म मिला।
एहतियात के तौर पर पायलट ने पहले आकाश में अतिरिक्त फ्यूल उड़ाया, ताकि लैंडिंग के समय किसी प्रकार की विस्फोट की आशंका न रहे। इसके बाद फ्लाइट को सुरक्षित रूप से इस्तांबुल हवाई अड्डे पर उतारा गया।
यात्रियों को झेलनी पड़ी 12 घंटे की परेशानी इमरजेंसी लैंडिंग के बाद यात्रियों को करीब छह घंटे इस्तांबुल एयरपोर्ट पर रुकना पड़ा। एयरलाइन ने लंदन से एक अन्य फ्लाइट भेजी, जिसमें यात्रियों को आगे रवाना किया गया। पूरी प्रक्रिया में यात्रियों को लगभग 12 घंटे की अतिरिक्त परेशानी झेलनी पड़ी।
एयरलाइन ने जारी किया आधिकारिक बयान घटना के बाद वर्जिन अटलांटिक एयरलाइन ने आधिकारिक बयान जारी कर यात्रियों को घटना की जानकारी और खेद व्यक्त किया। हालांकि, इस हादसे के बाद कई यात्रियों ने तकनीकी खामी और विमान की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए हैं।
यह भी पढ़े :बैंक ऑफ़ बड़ौदा ने बचत खातों में न्यूनतम शेषराशि न रखने पर लगने वाले शुल्क किए माफ