जोधपुर में शुरू हुआ भारत-सिंगापुर संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘बोल्ड कुरुक्षेत्र 2025’

‘बोल्ड कुरुक्षेत्र 2025’
‘बोल्ड कुरुक्षेत्र 2025’

जोधपुर— भारत और सिंगापुर के बीच द्विपक्षीय सैन्य सहयोग को नया आयाम देते हुए संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘बोल्ड कुरुक्षेत्र’ का 14वां संस्करण रविवार को जोधपुर में आरंभ हुआ। यह अभ्यास 04 अगस्त 2025 तक चलेगा, जिसमें 42वीं सिंगापुर आर्मर्ड रेजिमेंट और भारतीय सेना की मैकेनाइज्ड इन्फैंट्री रेजिमेंट हिस्सा ले रही हैं।

यह अभ्यास टेबल-टॉप युद्ध योजना और कंप्यूटर आधारित युद्धाभ्यास के रूप में संचालित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य दोनों देशों की सेनाओं के बीच यंत्रीकृत युद्ध संचालन प्रक्रियाओं को मजबूत करना और संयुक्त राष्ट्र अधिदेश के तहत इंटरऑपरेबिलिटी (अंतर-संचालन क्षमता) को बढ़ाना है।

भारतीय दल का नेतृत्व कर रहे हैं कर्नल अर्जुन गणपति, कमांडिंग ऑफिसर, मैकेनाइज्ड इन्फैंट्री रेजिमेंट। सिंगापुर की ओर से लेफ्टिनेंट कर्नल खिव झी यूंग, कमांडर – 42वीं सिंगापुर आर्मर्ड रेजिमेंट, अपने दल का नेतृत्व कर रहे हैं।

 ‘बोल्ड कुरुक्षेत्र 2025’
‘बोल्ड कुरुक्षेत्र 2025’

उद्घाटन समारोह में ब्रिगेडियर प्रीतम (340वीं (I) मैकेनाइज्ड ब्रिगेड के कमांडर) और कर्नल वोंग ज़ेंग यू (कमांडर, 4 सिंगापुर आर्मर्ड ब्रिगेड) मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

अभ्यास के दौरान, 42 सिंगापुर आर्मर्ड रेजिमेंट भारतीय टुकड़ी को रेजिमेंटल ध्वज का प्रतीकात्मक हस्तांतरण करेगी, जो भारतीय पक्ष को कमान सौंपे जाने का प्रतीक होगा। यह सैन्य संबंधों में आपसी विश्वास और साझेदारी की गहराई को दर्शाता है।

‘बोल्ड कुरुक्षेत्र 2025’ न केवल रणनीतिक और सामरिक समझ को गहरा करेगा, बल्कि भारत और सिंगापुर के बीच द्विपक्षीय रक्षा संबंधों को भी और अधिक मजबूती देगा। यह अभ्यास दोनों देशों की सेनाओं के बीच भविष्य में संयुक्त अभियानों की क्षमता को भी विकसित करेगा।

यह भी पढ़े :नई सोच, नया सलमान: पिता सलीम खान की सीख से भावुक हुए अभिनेता, बोले – “काश पहले समझा होता”