जयपुर: राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने ‘मुख्यमंत्री वृक्षारोपण महाभियान’ के तहत इस वर्ष 10 करोड़ पौधे लगाने के ऐतिहासिक लक्ष्य की प्राप्ति पर प्रदेशवासियों को बधाई दी है। मुख्यमंत्री ने यह जानकारी मंगलवार को अपने सोशल मीडिया हैंडल पर साझा की।
मुख्यमंत्री निवास पर, वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की और उन्हें एक पौधा भेंट कर इस उपलब्धि पर हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि यह उपलब्धि हर राजस्थानी के संकल्प, एकजुटता और पर्यावरण के प्रति जागरूकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान से प्रेरित होकर, उनकी सरकार ने राजस्थान को हरा-भरा बनाने का संकल्प लिया है।
शर्मा ने बताया कि उनकी सरकार का लक्ष्य अगले पांच वर्षों में 50 करोड़ पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक मिसाल कायम करना है। उन्होंने कहा कि ‘हरियालो राजस्थान’ अभियान जनता के सहयोग और सामूहिक प्रयासों से एक जन आंदोलन बन गया है। मुख्यमंत्री ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए सभी प्रदेशवासियों का हृदय से धन्यवाद किया।
यह भी पढ़े :स्वामी बालमुकुंदाचार्य ने मुंबई में बागेश्वर धाम सरकार का स्वागत किया