ऋषि कपूर की जयंती पर उनकी पत्नी और अभिनेत्री नीतू कपूर ने उन्हें बड़े ही भावुक अंदाज में याद किया। नीतू ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें ऋषि कपूर का सबसे प्यारा रूप झलकता है। यह वीडियो उनके लाइव शो ‘खुल्लम-खुल्ला विद ऋषि कपूर’ से लिया गया है। इस शो में ऋषि का बिंदास और मजाकिया अंदाज देखने को मिलता है, जिसे देखकर किसी के भी चेहरे पर मुस्कान आ जाए। ऋषि कपूर सचमुच एक अद्भुत अभिनेता और इंसान थे। उनकी ऊर्जा और जिंदादिली हमेशा हमारे दिलों में रहेगी। उनके जाने के बाद भी उनकी फिल्में हमें हंसाती और प्रेरित करती रहती हैं। वीडियो में उनके बेटे रणबीर कपूर समेत फिल्म इंडस्ट्री की कई बड़ी हस्तियां ऋषि की तारीफ करते नजर आते हैं।
गौरतलब है कि ऋषि कपूर का निधन 30 अप्रैल, 2020 को हुआ था। वे कैंसर से लंबे समय तक जूझते रहे और न्यूयॉर्क से लेकर मुंबई तक उनका संघर्ष जारी रहा। लेकिन इस संघर्ष के बीच भी उन्होंने कभी अपनी मुस्कान और जिंदादिली को कम नहीं होने दिया। यही कारण है कि आज भी उनका नाम आते ही हर किसी की आंखें नम और होंठ मुस्कुरा उठते हैं।