संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने की जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग की समीक्षा

संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल
संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल

जोधपुर। संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल की अध्यक्षता में शनिवार को जोधपुर में जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग (PHED) की एक समीक्षा बैठक हुई। इस बैठक में जल जीवन मिशन और शहरी पेयजल परियोजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।

सरकार की जल आपूर्ति के प्रति प्रतिबद्धता

पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार प्रदेश में पर्याप्त जल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने सरकार द्वारा शुरू की गई ऐतिहासिक परियोजनाओं जैसे राम जल सेतु लिंक परियोजना, यमुना जल समझौता, देवास परियोजना और जवाई पुनर्भरण योजना का उल्लेख किया।

अवैध कनेक्शनों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

संसदीय कार्य मंत्री ने अधिकारियों को अभियान चलाकर अवैध जल कनेक्शन काटने और दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाने का निर्देश दिया। उन्होंने खराब और बंद पड़े ट्यूबवेल को जल्द ठीक करने, क्षतिग्रस्त पाइपलाइनों को बदलने और परियोजनाओं की प्रभावी निगरानी के लिए अधिकारियों को फील्ड में औचक निरीक्षण करने के लिए भी कहा।

परियोजनाओं को समय पर पूरा करने पर जोर

बैठक में जोधपुर के भावी विस्तार को ध्यान में रखते हुए शहरी पेयजल परियोजनाओं (पेरी-अर्बन एरिया प्रोजेक्ट) में वंचित गांवों को जोड़ने के निर्देश दिए गए। पटेल ने माणकलाव-दईजर बनाड़ 37 गांवों की पेयजल परियोजना की प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों को इसे निर्धारित समय सीमा में पूरा करने का आदेश दिया। उन्होंने जल जीवन मिशन के कार्यों को भी समय पर पूरा करने और हैंडपंप व ट्यूबवेल से संबंधित प्रस्ताव शीघ्र तैयार करने पर जोर दिया।

यह भी पढ़ें ; योगी, नाथ और सिद्ध समाज ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का जताया आभार