
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा है कि चीनी सेना ने इस बात की पुष्टि की है कि अरुणाचल प्रदेश से लापता 5 युवक उनके पास हैं। उन्होंने मंगलवार को ट्वीट के जरिए यह जानकारी साझा करते हुए कहा कि चीनी सेना पीएलए ने भारतीय सेना की ओर से हॉटलाइन पर भेजे गए संदेश का जवाब दिया है। उन्होंने पुष्टि की है कि लापता युवक उनके इलाके में पाए गए हैं। युवकों को भारत में वापस लाने की प्रक्रिया चल रही है।
अरुणाचल प्रदेश से कांग्रेस के विधायक निनॉन्ग इरिंग ने शनिवार को दावा किया था कि पीएलए ने भारत के पांच युवकों को अगवा कर लिया है। उनके इस दावे के बाद भारतीय सेना ने इस बारे में चीनी सेना से शिकायत की थी। कांग्रेस विधायक ने अपने ट्विटर अकाउंट पर एक पोस्ट को साझा कर पांच लोगों के अगवा होने का दावा किया था। अगवा होने वाले पांचों युवक के नाम हैं तानू बाकर, प्रसाद रिंगलिंग, नगारू डिरी, डोंगतू इबिया और तोच सिंगकाम
अरुणाचल प्रदेश के दापोरजियो जिले के नाचो इलाके के पांचों युवक जंगल में गए थे, जहां से कथित तौर पर PLA के जवानों ने उन्हें अगवा कर लिया। बीते शुक्रवार को उनके परिजनों ने सोशल मीडिया पर उनके लापता होने की जानकारी दी थी, जिसे शनिवार को कांग्रेस विधायक ने अपने ट्विटर अकाउंट पर शेयर किया था।