
मुंबई। शिवसेना सांसद संजय राउत ने एक बार फिर महाराष्ट्र के राज्यपाल पर निशाना साधा है। महाराष्ट्र में मंदिर ना खोलने की वजह से मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे और राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी के बीच अनबन चल रही है। राज्यपाल ने मंदिर ना खोलने की वजह से मुख्यमंत्री को चिट्ठी लिखी थी।
चिट्ठी लिखने के बाद महाराष्ट्र में मंदिर को लेकर सियासत और गरमा गई थी। अब संजय राउत ने एक बार फिर महाराष्ट्र के राज्यपाल पर निशाना साधा है और लेकिन साथ ही पश्चिम बंगाल के राज्यपाल पर भी जुबानी हमला किया है। संजय राउत ने कहा कि आजकल पूरे देश में दो ही (जगह) राज्यपाल हैं, पश्चिम बंगाल और महाराष्ट्र। बाकी कहां राज्यपाल है या नहीं, मुझे पता नहीं।

संजय राउत ने कहा कि राज्यपाल, केंद्र सरकार और राष्ट्रपति का राजनैतिक एजेंट होता है। संजय राउत ने आगे कहा कि ये राजनैतिक एजेंट इसलिए होते हैं क्योंकि ये सभी राजनैतिक काम करते हैं और आजकल पूरे देश में दो ही राज्यपाल नजर आते हैं। संजय राउत ने पश्चिम बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ पर भी तंज कसा है।
पश्चिम बंगाल के राज्यपाल हमेशा ममता बनर्जी के कामकाजों की आलोचना करते रहे हैं। हाल ही में राज्यपाल ने ममता सरकार के कार्यों पर सवालिया निशान खड़ा करते हुए कहा था कि पश्चिम बंगाल में अल-कायदा जैसे आतंकी संगठनों ने आश्रय ले रखा है। बंगाल के राज्यपाल का पद संभालने के बाद से धनखड़ का तृणमूल कांग्रेस की सरकार के साथ विवाद चलता रहा है।