
पटना। बिहार में बीजेपी और जेडीयू में इनदिनों सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। यह रात बढ़ती हुई नजर आ रही है। जेडीयू नेता प्रशांत किशोर ने राज्य के उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी को परिस्थितिवश उप मुख्यमंत्री बताते हुए तंज कसा है। प्रशांत के इस बयान के बाद बीजेपी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। बीजेपी ने प्रशांत को इस तरह के बयान से बचने की सलाह दे दी। इधर, इन सब बवाल के बीच बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने साफ किया है कि गठबंधन में सब ठीक है।
प्रशांत का सुशील मोदी पर तंज
जेडीयू उपाध्यक्ष प्रशांत किशोर ने उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी पर निशाना साधते हुए उन्हें परिस्थितियों का उप मुख्यमंत्री बताया है। प्रशांत किशोर ने तंज कसते हुए कहा है कि परिस्थितिवश उप मुख्यमंत्री बनने वाले सुशील मोदी से राजनीतिक मर्यादा और विचारधारा पर लेक्चर सुनना सुखद अनुभव है। प्रशांत किशोर ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से लिखा, बिहार में नीतीश कुमार का नेतृत्व और जेडीयू की सबसे बड़े दल की भूमिका बिहार की जनता ने तय किया है, किसी दूसरी पार्टी के नेता या शीर्ष नेतृत्व ने नहीं।
2015 में हार के बाद भी परिस्थितिवश उप मुख्यमंत्री बनने वाले सुशील मोदी से राजनीतिक मर्यादा और विचारधारा पर लेक्चर सुनना सुखद अनुभव है। इधर, बढ़ती तल्खी के बीच सीएम नीतीश कुमार ने गठबंधन में सब ठीक होने का दावा किया है। आज एक कार्यक्रम में जब उनसे बीजेपी-जेडीयू में तल्खी को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि सब ठीक है।