
न्यूयॉर्क। दुनिया में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 6.12 करोड़ के पार हो गया। 4 करोड़ 23 लाख से ज्यादा लोग ठीक हो चुके हैं। अब तक 14 लाख 36 हजार से ज्यादा लोग जान गंवा चुके हैं। अमेरिका में संक्रमण के मामले कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं। यहां एक दिन में 1 लाख 81 हजार से ज्यादा मामले सामने आए। फ्रांस में भी मामले बढ़ रहे हैं। यहां 13 हजार से ज्यादा मामले सामने आए।

अमेरिका में संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। यहां एक दिन में एक लाख 81 हजार 490 केस सामने आए। इसी दौरान 2 हजार 297 लोगों की मौत हो गई। यह मई के बाद एक दिन में मौतों का सबसे बड़ा आंकड़ा है। अब मरने वालों का आंकड़ा 2 लाख 62 हजार से ज्यादा हो गया है। एडमिनिस्ट्रेशन की सबसे बड़ी दिक्कत अस्पतालों में भर्ती होने वालों की संख्या है। यहां 24 घंटे में 89 हजार 959 लोग देश के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती हुए।
प्रशासन का कहना है कि थैंक्स गिविंग डे पर लाखों लोग ट्रैवल कर रहे हैं और इसकी वजह से संक्रमण का खतरा ज्यादा होने की आशंका है। इस बारे में पहले चेतावनी भी जारी की गई थी। हालांकि, लोगों ने इसे गंभीरता से नहीं लिया।
यह भी पढ़ें-इलेक्टोरल कॉलेज वोट्स में बाइडेन जीत जाते हैं तो मैं व्हाइट हाउस छोड़ दूंगा : ट्रम्प