आतंकी संगठन का सरगना मेंगल बाघ अफगानिस्तान में मारा गया

पाकिस्तान से ऑपरेट करने वाले आतंकी संगठन लश्कर-ए-इस्लाम का सरगना मेंगल बाघ अफगानिस्तान में मारा गया। अफगानिस्तान सरकार ने भी इसकी पुष्टि की है। क्लीनर से आतंकी बनने वाले बाघ के मारे जाने की खबर पहले भी कई बार आई थीं, लेकिन पहली बार किसी सरकार ने इसकी पुष्टि की है।

अफगान मीडिया के मुताबिक, बाघ के घर के बाहर बम प्लांट किया गया था। उसके बाहर निकलते ही बम ब्लास्ट हुआ। उसके परिवार के कुछ सदस्य भी मारे गए हैं। बाघ पर अमेरिका ने 30 लाख डॉलर का इनाम रखा था।

पाकिस्तान के अखबार द ट्रिब्यून के मुताबिक, मेंगल ने अफगानिस्तान के नांगरहार प्रांत के बांदर डेरा में आलीशान घर बनाया था। वो वहीं से अपने संगठन की आतंकी साजिशों को अंजाम देता था। गुरुवार को उसके घर से बाहर निकलते ही एक तेज धमाका हुआ। धूल छंटने के बाद कुछ लाशें दिखाई दीं। इसमें एक लाश मेंगल की भी थी। बाकी शव उसके परिजनों के थे।