
जयपुर। वर्ष की सर्वश्रेष्ठ महिला कि्केटर को मिलने वाला सुन्दर कांति जोशी पुरस्कार वर्ष 2020-21 के लिए राजस्थान महिला क्रिकेट टीम की बल्लेबाज प्रियंका शर्मा को दिया जाएगा। पुरस्कारों की चयन समिति ने सोमवार को बैठक कर यह फैसला लिया। पूर्व रणजी खिलाड़ी योगेश माथुर की अध्यक्षता में हुई बैठक में डीपी सिंह, गंगोत्री चौहान, आस्था माथुर और भारती वर्मा शामिल थे।
क्लब के अध्यक्ष और पूर्व रणजी क्रिकेटर विपिन जोशी ने बताया कि कोविड महामारी के कारण इस वर्ष बीसीसीआई का घरेलू क्रिकेट सत्र बहुत देरी से शुरू हुआ और महिलाओं का सिर्फ सीनियर वनडे टूर्नामेंट ही आयोजित किया गया।टूर्नामेंट में इस बार राजस्थान का सफर ग्रुप स्टेज पर ही थम गया। प्रियंका शर्मा ने टूर्नामेंट में एक शतक सहित 5 मैचों में कुल 205 रन बनाए। प्रियंका का अधिकतम स्कोर 108 रन चंडीगढ़ के खिलाफ रहा।
पहले चुनी जा चुकी हैं आयुषी और सिमरनक्लब के सचिव शरद जोशी ने कहा कि वर्ष 2019-20 सत्र के लिए आयुषी गर्ग और सिमरन चौधरी के नामों की घोषणा पहले ही की जा चुकी है। ये पुरस्कार तीन अप्रैल को सुन्दर कांंति जोशी के जन्म दिवस पर आयोजित समारोह में प्रदान किए जाएंगे।