दुनिया के सबसे बड़े दानवीर थे जमशेदजी टाटा, वॉरेन बफे ओर बिल गेट्स को पछाड़ा

नई दिल्ली। टाटा समूह के संस्थापक जमशेदजी टाटा 100 साल में सबसे बड़े दानवीर साबित हुए हैं। जमशेदजी देश ही नहीं, बल्कि दुनिया के सबसे बड़े परोपकारी हैं। इस मामले में वह बिल एवं मेलिंडा गेट्स से भी आगे हैं। गौरतलब है कि जमशेदजी टाटा नमक से लेकर सॉफ्टवेयर तक बनाने वाले कारोबारी समूह टाटा के संस्थापक थे। उनका जन्म 1839 में गुजरात के नवसारी में हुआ था।

साल 1904 में ही उनका निधन हो गया था। हुरुन रिपोर्ट और एडेलगिव फाउंडेशन द्वारा तैयार शीर्ष 50 दानदाताओं की सूची में भारत के दिग्गज उद्योगपति जमशेदजी टाटा एक सदी में 102 अरब अमेरिकी डॉलर (मौजूदा मूल्य के हिसाब से करीब 7.57 लाख करोड़ रुपये) दान देकर दुनिया के सबसे बड़े परोपकारी के रूप में उभरे हैं।

परोपकार के मामले में जमशेदजी टाटा बिल गेट्स और उनकी पूर्व पत्नी मेलिंडा जैसे दूसरे लोगों से काफी आगे हैं, जिन्होंने 74.6 अरब डॉलर दान किए हैं। इसके अलावा इस सूची में निवेशक वॉरेन बफे (37.4 अरब डॉलर), जॉर्ज सोरोस (34.8 अरब डॉलर) और जॉन डी रॉकफेलर (26.8 अरब डॉलर) के नाम शामिल हैं।