
भीलवाड़ा। अशोक गहलोत सरकार के नये राजस्व मंत्री रामलाल जाट शनिवार को अपने गृह जिले भीलवाडा में तीन दिवसीय दौरे के दौरान मीडिया से रूबरू हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रशासन गांवों के संग अभियान में कोई खामियां है तो उसे दूर किया जाएगा। अभियान के लिए जो नियम बनाए है उनका सरलीकरण भी किया जाएगा।
कार्यभार संभालने के बाद पहली बार भीलवाड़ा आए राजस्व मंत्री ने कहा कि गहलोत सरकार ने एक बहुत बड़ी जिम्मेदारी दी है। यह जिम्मेदारी बखूबी निभाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रशासन गांव के संग अभियान के तहत गरीब आदमी को राहत देने का काम किया जा रहा है। यदि इस अभियान में कर्मचारी काम नहीं कर रहे हैं या किसी तरह का भ्रष्टाचार हो रहा है तो उसमें सुधार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभियान में अधिक से अधिक लोग अपनी समस्याओं का समाधान कराए। अभियान को सफल बनाने के लिए सीएम गहलोत खुद प्रशासन गांवों के संग अभियान के तहत लगाए जा रहे शिविरों का निरीक्षण कर रहे हैं।
राजस्व कर्मचारियों की मांगों पर राजस्व मंत्री ने कहा कि राजस्व कर्मचारियों के हितों का पूरा ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि गहलोत सरकार ने कर्मचारियों मांग के अनुसार भर्तियां भी निकाली है। राजस्व कर्मचारियों के संसाधन भी उपलब्ध कराए जाएंगे। सर्किट हाउस में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि जन घोषणापत्र ही हमारी पहली प्राथमिकता है। अंतिम छोर पर बैठे मजदूर, किसान व व्यापारी को कोई दिक्कत नहीं होगी। मुख्यमंत्री द्वारा प्रत्येक दिन जन सुनवाई करने के सवाल पर कहा कि मुख्यमंत्री को राजनीति में काफी लंबा अनुभव है, जो सीख उन्होने दी है उस सीख को सभी को अपनाना चाहिए।

प्रदेश में किसान को छोटे-छोटे काम को लेकर तहसील के बार-बार चक्कर लगाने के सवाल पर जाट ने कहा कि राजस्व विभाग में करीब 22 विभाग के काम किए जाते हैं, जहां वर्तमान में आम लोगों के प्रशासन गांवों के संग अभियान के तहत अच्छा काम हो रहे है और जो कोई भी भ्रष्टाचार करता है, उन पर भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) विशेष रूप से कार्रवाई करती है। वर्तमान में काफी जगह प्रदेश में राजस्व के मामले का डिजिटलीकरण हो गया है और कुछ जगह डिजिटलीकरण बाकी है।
वह भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा, जिससे अच्छी पारदर्शिता के साथ किसान का काम हो सके, हमारा उद्देश्य है कि अंतिम छोर पर बैठे किसान को अपने काम के लिए कहीं भटकना नहीं पड़े और ऑनलाइन प्रक्रिया से पूरी पारदर्शिता से काम हो सके। हाल ही में प्रदेश के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राजस्थान मंत्रिमंडल का पुनर्गठन किया था, जहां कई पुराने मंत्रियों के विभाग बदले गए और कई जगह दूसरे विधायकों को मौका मिला, इस मंत्री मंडल में भीलवाड़ा जिले के मांडल विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के विधायक को मंत्रिमंडल में शामिल करते हुए कैबिनेट मंत्री बनाया गया। रामलाल जाट को राजस्व मंत्री का प्रभार दिया गया। जाट राजस्व मंत्री बनने के बाद पहली बार भीलवाड़ा जिले के तीन दिवसीय दौरे पर पहुंचे है। जाट के आगमन को लेकर कार्यकर्ताओ में हर्ष का माहोल है जिले में कई जगह गर्मजोशी से उनका स्वागत किया जा रहा है।