अडाणी फिर अंबानी के करीब: दोनों के बीच केवल 35 हजार करोड़ का अंतर

mukesh ambani
mukesh ambani

इस साल दुनिया में सबसे ज्यादा कमाई अडाणी की

नई दिल्ली। देश के दो सबसे अमीर बिजनेसमैन मुकेश अंबानी और गौतम अडाणी अब एक बार फिर संपत्तियों के मामले में करीब आ गए हैं। दोनों के बीच केवल 35 हजार करोड़ रुपए का अंतर है। इसके साथ ही दुनिया में इस साल सबसे ज्यादा कमाई का रिकॉर्ड अडाणी के नाम है। शेयर बाजार में चार दिनों से गिरावट : भारतीय शेयर बाजार में चार दिनों से भयंकर गिरावट है। ताजा आंकड़ों के मुताबिक, गुरुवार को मुकेश अंबानी की संपत्ति 7.01 लाख करोड़ रुपए रही। जबकि गौतम अडाणी की संपत्ति 6.66 लाख करोड़ रुपए थी। इस तरह से दोनों के बीच केवल 35 हजार करोड़ रुपए का अंतर रहा।

गौतम अडाणी

रिलायंस ग्रुप के मालिक हैं अंबानी : मुकेश अंबानी रिलायंस गु्रप के मालिक हैं जबकि गौतम अडाणी अडाणी गु्रप के मालिक हैं। इससे पहले दोनों 21 नवंबर 2021 को बराबरी पर आ गए थे। उस समय दोनों की संपत्ति 6.63-6.63 लाख करोड़ रुपए थी। तब रिलायंस इंडस्ट्रीज का मार्केट कैप 14.91 लाख करोड़ रुपए जबकि अडाणी गु्रप का वैल्यूएशन 10 लाख करोड़ रुपए था। पिछले शुक्रवार यानी 14 जनवरी को भी गौतम अडाणी की रैंकिंग में सुधार आया था। तब वे दुनिया के 13 वें नंबर के सबसे अमीर बिजनेसमैन बने थे। उससे पहले वे 14 वें नंबर पर थे। दुनिया के अमीरों की सूची में टॉप 10 में कोई भारतीय नहीं है। मुकेश अंबानी 11 वें नंबर पर जबकि अडाणी 12 वें नंबर पर हैं। डॉलर के टर्म में दोनों के बीच करीबन 5 अरब डॉलर का अंतर है जो 14 जनवरी को 9.5 अरब डॉलर था। हाल के समय में गौतम अडाणी की कंपनियों के शेयर्स की कीमतें तेजी से बढ़ी हैं।

रिलायंस का मार्केट कैप 16.77 लाख करोड़: अब रिलायंस इंडस्ट्रीज का मार्केट कैप 16.77 और अडाणी गु्रप का 11.16 लाख करोड़ रुपए मार्केट कैप है। अडाणी की कुल 6 कंपनियां शेयर बाजार में लिस्ट हैं। पहली बार इनका मार्केट कैप 11.10 लाख करोड़ रुपए के पार है। इसमें सबसे बड़ी अडाणी ग्रीन एनर्जी है जो 3 लाख करोड़ रुपए वाली कंपनी है।

3 कंपनियां 2-2 लाख करोड़ से ज्यादा वाली: अडाणी ट्रांसमिशन 2.21 लाख करोड़, अडाणी एंटरप्राइजेज और अडाणी टोटल गैस 2-2 लाख करोड़ रुपए से ऊपर वाली कंपनी हैं। रिलायंस इंडस्ट्रीज में मुकेश अंबानी की हिस्सेदारी 50.61 प्रतिशत है जबकि अडाणी की हिस्सेदारी उनकी कंपनियों में 70.59 प्रतिशत है। अडाणी की 3 कंपनियों में उनकी हिस्सेदारी 74.92 प्रतिशत जबकि एक कंपनी में 74.80 और 2 कंपनियों में यह 60-64 प्रतिशत है। मार्केट कैपिटलाइजेशन का कैल्कुलेशन शेयर की मौजूदा कीमत से शेयरों की संख्या को गुणा करके किया जाता है। वहीं व्यक्ति या कॉर्पोरेशन की संपत्ति में से देनदारियों को घटाने के बाद आई वैल्यू को नेट वर्थ कहा जाता है।