
भारत के मुख्य न्यायधीश न्यायमूर्ति एन. बी. रमणा करेंगे लोकार्पण
जयपुर। राजस्थान विधान सभा में बने डिजिटल संग्रहालय का लोकार्पण 16 जुलाई शनिवार को सायं 4 बजे भारत के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति एन. बी. रमणा करेंगे। इस दौरान राष्ट्रमण्डल संसदीय संघ की राजस्थान शाखा के तत्वावधान में संसदीय लोकतंत्र के 75 वर्ष विषयक पर सेमीनार भी होगी।
विधान सभा अध्यक्ष डॉ. सी.पी. जोशी ने बताया कि विधान सभा परिसर में अत्याधुनिक संग्रहालय का निर्माण किया गया है। इस डिजिटल संग्रहालय में राजस्थान के निर्माण और राजनीतिक आख्यानों को कालातित कलात्मकता और आधुनिक तकनीकी संचार के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है। संग्रहालय के निर्माण का उद्देश्य राजस्थान के गौरवशाली राजनीतिक इतिहास को प्रदर्शित करने के साथ आम नागरिक को राजनीतिक कार्यवाहियों और व्यवस्थाओं से अवगत भी कराना है।
देश के गुलाबी नगर जयपुर के विधान सभा भवन में उकेरे गये इस विशाल संग्रहालय में राजस्थान की राजनीतिक विरासतों का डिजिटल प्रदर्शन रोचक तरीके से किया गया है। विधान सभा में विधेयक कैसे पारित होते हैं और कैसे ये कानून में परिणीत होते हैं इन सब के जवाबों के साथ विधान सभा अध्यक्ष, सदन के नेता और विपक्ष के नेता के अधिकारों और भूमिकाओं का विस्तृत विवरण भी इस म्यूजियम में देखने को मिलेगा।
डॉ. जोशी ने बताया कि दो मंजिलों में विस्तारित यह भव्य म्यूजियम विधान सभा अध्यक्षों एवं मुख्यमंत्रियों सहित विभिन्न गणमान्य के जीवन बिन्दुओं से भी परिचित कराएगा। उन्होंने बताया की यह संग्रहालय राज्य की शानदार विरासत और परम्पराओं का अमुल्य संग्रह है। विधान सभा में बना ये अनुठा संग्रहालय आने वाली पीढियों को राजस्थान के राजनीतिक आख्यानों से परिचित कराएगा।