
जयपुर। भारतीय जनता युवा मोर्चा ने राजस्थान में पेपर लीक और बढ़ती बेरोजगारी के खिलाफ शनिवार को गहलोत सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री आवास के लिए निकले भाजपा नेताओं और कार्यकर्तओं को पुलिस ने सिविल लाइंस फाटक के पास ही रोक लिया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और पुलिस में धक्का-मुक्की हुई। भीड़ को काबू करने के लिए पुलिस को वॉटर कैनन चलानी पड़ी। इसके बाद पुलिस ने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया और राजेंद्र राठौड़ समेत कई नेताओं को हिरासत में लिया।
आपकों बता दें कि, इससे पहले भाजपा मुख्यालय के बाहर जनसभा हुई जिसे भाजपा के प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह, पार्टी प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया के साथ उप नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने संबोधित किया। इसके बाद प्रदेशभर से पहुंचे भाजपा कार्यकर्ता नारे लगाते हुए सिविल लाइंस फाटक होते हुए मुख्यमंत्री आवास की और घेराव के लिए निकले। जिन्हें पहले से मौजूद पुलिस दल ने रोक लिया।
युवाओं कि आवाज उठाते रहेंगे : हिमांशु शर्मा
बीजेपी युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष हिमांशु शर्मा ने कहा- युवा मोर्चा के विधानसभा घेराव से कांग्रेस सरकार डर गई है। संगठन ने विधानसभा का कैलेंडर देखकर ही विधानसभा घेराव का निर्णय लिया था, लेकिन सरकार ने इससे एक दिन पहले ही विधानसभा स्थगित कर दी। लेकिन पेपर लीक, बेरोजगारी, बिगड़ी कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों को लेकर हम पहले भी आवाज उठाते आए है। आज भी बड़ा प्रदर्शन कर रहे है, और आगे भी युवाओं कि आवाज उठाते रहेंगे।