मुंबई ने सनराइजर्स को 14 रन से हराया, अर्जुन तेंदुलकर के ओवर में 20 रन नहीं बना सकी हैदराबाद की टीम

आईपीएल
आईपीएल

आईपीएल के 25वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद को मुंबई इंडियंस के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में मुंबई ने 14 रन से जीत हासिल की। सनराइजर्स के कप्तान एडेन मार्करम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। मुंबई ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 192 रन बनाए। जवाब में हैदराबाद की टीम 19.5 ओवर में 178 रन पर ऑलआउट हो गई।

अर्जुन ने दिलाई मुंबई को जीत

अर्जुन
अर्जुन

सनराइजर्स हैदराबाद को आखिरी ओवर में 20 रनों की आवश्यकता थी। मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा ने युवा अर्जुन तेंदुलकर को गेंदबाजी के लिए बुलाया। अर्जुन ने कप्तान के भरोसे को सही साबित किया और सिर्फ चार रन दिए। उनके इस ओवर में दो विकेट भी गिरे। दूसरी गेंद पर अब्दुल समद रनआउट हो गए और पांचवीं गेंद पर अर्जुन तेंदुलकर ने भुवनेश्वर कुमार को रोहित शर्मा के हाथों कैच कराकर सनराइजर्स की पारी को समेट दिया। अर्जुन ने 2.5 ओवर में 18 रन दिए। उन्हें एक सफलता मिली।

सनराइजर्स के कप्तान एडेन मार्करम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। मुंबई ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 192 रन बनाए। जवाब में हैदराबाद की टीम 19.5 ओवर में 178 रन पर ऑलआउट हो गई। सनराइजर्स की जीत का क्रम टूट गया है। उसे पिछले दो मुकाबलों में सफलता मिली थी, लेकिन वह जीत की हैट्रिक नहीं लगा सकी। वहीं, मुंबई की यह लगातार तीसरी जीत है।

सनराइजर्स के लिए पांच बल्लेबाज ही दहाई का आंकड़ा पार कर पाए। मयंक अग्रवाल ने 41 गेंद पर सर्वाधिक 48 रन बनाए। हेनरिच क्लासेन ने 16 गेंद पर 36 रन बनाए। एडेन मार्करम ने 22, मार्को यानसेन ने 13 और वाशिंगटन सुंदर ने 10 रन बनाए। हैरी ब्रूक नौ, राहुल त्रिपाठी सात और अभिषेक शर्मा एक रन बनाकर आउट हुए। अब्दुल समद से आखिरी ओवरों में टीम को विस्फोटक बल्लेबाजी की उम्मीद थी, लेकिन वह 12 गेंद पर नौ रन ही बना सके। मुंबई के लिए जेसन बेहरेनडॉर्फ, रिले मेरेडिथ और पीयूष चावला ने दो-दो विकेट लिए। अर्जुन तेंदुलकर और कैमरन ग्रीन को एक-एक सफलता मिली।

सनराइजर्स को लगे दो झटके

सनराइजर्स
सनराइजर्स

सनराइजर्स हैदराबाद को सातवां झटका रिले मेरेडिथ ने दी। उन्होंने 17वें ओवर की चौथी गेंद पर मार्को यानसेन को आउट कर दिया। यानसेन ने छह गेंद पर 13 रन बनाए। यानसेन के बाद 18वें ओवर में वाशिंगटन सुंदर 10 रन बनाकर आउट हो गए। उन्होंने छह गेंद की पारी में दो चौके लगाए।

मुंबई ने मैच में की वापसी

मुंबई इंडियंस ने मैच में वापसी कर ली है। हेनरिच क्लासेन के बाद मयंक अग्रवाल के आउट होने से सनराइजर्स हैदराबाद की टीम मुश्किल में आ गई है। 14वें ओवर की अंतिम गेंद पर पीयूष चावला ने हेनरिच क्लासेन को आउट कर दिया। चावला के इस ओवर में 21 रन बने, लेकिन अंतिम गेंद पर उन्होंने क्लासेन का विकेट हासिल कर लिया। क्लासेन ने 16 गेंद पर 36 रन बनाए। उन्होंने चार चौके और दो छक्के लगाए। अगले ओवर में मयंक अग्रवाल आउट हो गए। 15वें ओवर की पांचवीं गेंद पर रिले मेरेडिथ ने टिम डेविड के हाथों उन्हें कैच कराया। अग्रवाल ने 41 गेंद पर 48 रन बनाए। उन्होंने चार चौके और एक छक्का लगाया। सनराइजर्स ने 15 ओवर में छह विकेट पर 133 रन बना लिए हैं। अब्दुल समद के साथ मार्को यानसेन क्रीज पर हैं।

हैदराबाद को दोहरा झटका

मुंबई इंडियंस ने सनराइजर्स हैदराबाद को दोहरा झटका दिया है। नौवें ओवर की चौथी गेंद पर कैमरन ग्रीन ने कप्तान एडेन मार्करम को आउट कर दिया। मार्करम 17 गेंद पर 22 रन बनाकर ऋतिक शौकीन को कैच थमा बैठे। उन्होंने एक चौका और एक छक्का लगाया। उनके बाद बल्लेबाजी के लिए आए अभिषेक शर्मा भी आउट हो गए। अभिषेक को 10वें ओवर की पहली गेंद पर पीयूष चावला ने अपना शिकार बनाया। टिम डेविड ने उनका कैच लिया। अभिषेक ने दो गेंद पर एक रन बनाए। सनराइजर्स हैदराबाद ने 10 ओवर में चार विकेट पर 76 रन बनाए हैं। मयंक अग्रवाल 26 गेंद पर 31 और हेनरिच क्लासेन तीन गेंद पर दो रन बनाकर नाबाद हैं।

यह भी पढ़ें : जर्मनी में गूंजा भगवान महावीर का संदेश