
शरीर को हेल्दी रखने के लिए पोषक तत्वों की पर्याप्त मात्रा होनी जरूरी है। शरीर में पोषक तत्वों की कमी होने पर आपको कई गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। हम सभी बचपन से ये सुनते आए होंगे कि शरीर को हेल्दी रखने के लिए विटामिन, मिनरल्स जैसे कई पोषक तत्व बहुत जरूरी होते हैं। खानपान में असंतुलन की वजह से शरीर में पोषक तत्वों की कमी हो जाती है। आज के समय में असंतुलित लाइफस्टाइल भी शरीर में पोषक तत्वों की कमी का बड़ा कारण है। फास्ट फूड और रेडी टू ईट फूड्स का सेवन करने वाले लोगों में पोषक तत्वों की कमी ज्यादा देखने को मिलती है। न्यूट्रिशनल डेफिसिएंसी या पोषक तत्वों की कमी को नजरअंदाज करना काफी गंभीर होता है। आइए इस लेख में विस्तार से जानते हैं शरीर में पोषक तत्वों की कमी पूरा करने के टिप्स के बारे में।
किन पोषक तत्वों की कमी और अधिकता दोनों है नुकसानदायक?
विटामिन-डी

हमारे शरीर को विटामिन डी भोजन और सूर्य के प्रकाश से मिलता है। जो हड्डियों को हेल्दी रखने के साथ इम्युनिटी को स्ट्रॉन्ग बनाता है। अगर शरीर में विटामिन-डी की कमी हो जाए, तो इससे इम्यून सिस्टम कमजोर होने लगता है, जिससे शरीर आसानी से संक्रमण की चपेट में आ जाता है। इसके अलावा कैल्शियम का लेवल भी कम होने लगता है। जिससे रिकेट्स की समस्या होने का खतरा रहता है। वहीं शरीर में विटामिन-डी की अधिकता होने पर बहुत अधिक कैल्शियम का निर्माण हो सकता है, जो आपकी किडनी और हार्ट की हेल्थ क लिए सही नहीं होता।
विटामिन-सी

विटामिन- सी हमारे शरीर के लिए बहुत ही जरूरी पोषक तत्वों में से एक है। जो शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाता है। बॉडी में इसकी कमी के चलते चिड़चिड़ापन और एनोरेक्सिया जैसी समस्याएं देखने को मिल सकती हैं। इसके साथ ही घाव का जल्दी न भरना, दांतों-मसूड़ों की समस्या, संक्रामक रोगों का खतरा भी बराबर बना रहता है। बात करें इसकी अधिकता से होने वाले नुकसान की, तो विटामिन-सी की शरीर में ज्यादा मात्रा से पेट खराब होने और किडनी स्टोन की प्रॉब्लम हो सकती है।
आयरन
शरीर के लिए जरूरी आयरन की कमी से एनीमिया का खतरा हो सकता है। एनीमिया होने पर कमजोरी, थकान और चक्कर आने जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। शरीर में आयरन की अधिकता होने की वजह से लिवर, ज्वॉइंट्स, पैनक्रियाज और हार्ट को नुकसान पहुंच सकता है।