सेना के सम्मान में निकाली विशाल तिरंगा यात्रा

तिरंगा यात्रा
तिरंगा यात्रा

भीलवाड़ा। ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर भारत के वीर जवानों के सम्मान में शुक्रवार को शाहपुरा विधानसभा क्षेत्र की विशाल तिरंगा वाहन यात्रा का आयोजन किया गया। जिसमें विधानसभा क्षेत्र के सैकड़ों कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस यात्रा का नेतृत्व स्थानीय विधायक डॉ. लालाराम बैरवा ने किया।

तिरंगा यात्रा का शुभारंभ स्थानीय कॉलेज मैदान से हुआ और यह नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए महलों का चैक पहुंची। रैली में महिलाओं, पुरुषों, युवाओं और बुजुर्गों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। सभी के हाथों में तिरंगा झंडा था और वातावरण देशभक्ति के नारों से गूंज उठा।

विशाल तिरंगा यात्रा में सैकड़ो की संख्या में शहरवासी सम्मिलित हुए। रैली में भारत माता की जय वंदे मातरम के जयकारों के लगाए सभी शहरवासी देशभक्ति गीतों के साथ नाचते गाते हुए इस विशाल तिरंगा यात्रा में शामिल हुए।

यात्रा के दौरान नागरिकों ने भारतीय सेना जिंदाबाद, हिंदुस्तान जिंदाबाद और पाकिस्तान मुर्दाबाद जैसे जोरदार नारे लगाए। तिरंगा यात्रा त्रिमूर्ति स्मारक, बस स्टैंड, सदर बाजार और बालाजी की छतरी जैसे प्रमुख स्थानों से होकर गुजरी, जहां फूलों की वर्षा कर देशभक्ति का स्वागत किया गया।

जिला बचाओ संघर्ष समिति द्वारा त्रिमुर्ति स्मारक के बाहर तिरंगा यात्रा पर पुष्प वर्षा कर जोरदार स्वागत किया गया वही दूसरी और शहर में विभिन्न सामाजिक संगठनों के द्वारा जगह-जगह मुख्य चौराहों पर पुष्प वर्षा से स्वागत किया गया साथ ही शीतल जल की व्यवस्था भी की गई।