अभिनेता मुकुल देव का निधन

मुकुल देव

‘आर… राजकुमार’ और ‘जय हो’ जैसी फिल्मों में अपनी दमदार अभिनय किया

मुंबई । ‘आर… राजकुमार’ और ‘जय हो’ जैसी फिल्मों में अपनी दमदार अभिनय के लिए पहचाने जाने वाले अभिनेता मुकुल देव का निधन हो गया है। उनके निधन की खबर से फिल्म और टीवी इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है। मुकुल देव एक लोकप्रिय और मेहनती कलाकार थे, जिन्होंने अपने करियर में कई फिल्मों और टीवी शोज में काम किया। उन्होंने अपनी प्रतिभा से कई लोगों का दिल जीता था।

उन्होंने न केवल मुख्य भूमिकाएं निभाई, बल्कि सहायक भूमिकाओं में भी अपनी छाप छोड़ी। शुक्रवार रात को अभिनेता ने 54 साल की उम्र में अंतिम सांस ली। खबर लिखे जाने तक अभिनेता के निधन के कारणों का पता नहीं चल पाया है। उनकी करीबी दोस्त और एक्ट्रेस दीपशिखा नागपाल ने सोशल मीडिया पर इस खबर की पुष्टि की और इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक पुरानी तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, “आरआईपी।”

उन्हें आखिरी बार हिंदी फिल्म ‘अंत द एंड’ में देखा गया था। वह अभिनेता राहुल देव के भाई थे।
मुकुल देव ने साल 1996 में तनुजा चंद्रा के धारावाहिक ‘मुमकिन’ के जरिए टीवी इंडस्ट्री में कदम रखा। उस समय महेश भट्ट ने उन्हें देखा और उन्हें साइकोलॉजिकल थ्रिलर ‘दस्तक’ में सुष्मिता सेन और शरद कपूर के साथ कास्ट किया। उनके काम को लोगों ने काफी सराहा। इसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। वह कई फिल्मों में नजर आए, जिनमें ‘इसकी टोपी उसके सर’, ‘मेरे दो अनमोल रतन’, ‘किला’, ‘वजूद’, ‘कोहराम’, ‘इत्तेफाक’ और ‘मुझे मेरी बीवी से बचाओ’ जैसी फिल्में शामिल हैं।

Advertisement