देश में छह दशक बाद पूर्ण बहुमत वाली सरकार बनी: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू

द्रौपदी मुर्मू ने किया लोकसभा और राज्यसभा की संयुक्त बैठक को संबोधित

नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा है कि देश में छह दशक बाद पूर्ण बहुमत वाली स्थिर सरकार बनी है। लोगों ने तीसरी बार इस सरकार पर भरोसा जताया है। लोग जानते हैं कि केवल यही सरकार उनकी आकांक्षाओं को पूरा कर सकती है। राष्ट्र्रपति ने अठाहरवीं लोकसभा के गठन के बाद गुरुवार को लोकसभा और राज्यसभा की संयुक्त बैठक को संबोधित किया।

सभी नवनिर्वाचित सदस्यों को बधाई दी

राष्ट्रपति ने सभी नवनिर्वाचित सदस्यों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि आप सभी देश के मतदाताओं का विश्वास जीतकर यहां आए हैं। देश और लोगों की सेवा करने का यह अवसर बहुत कम लोगों को मिलता है। मुझे पूरा विश्वास है कि आप राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करेंगे।

 चुनाव आयोग को बधाई दी

राष्ट्रपति मुर्मू ने लोकसभा चुनाव के सफल आयोजन के लिए चुनाव आयोग को बधाई दी। उन्होंने कहा कि ये दुनिया का सबसे बड़ा चुनाव था। करीब 64 करोड़ मतदाताओं ने उत्साह और उमंग के साथ अपना कर्तव्य निभाया है। राष्ट्रपति ने कहा कि 2024 के लोक सभा चुनाव की चर्चा आज पूरी दुनिया में है। दुनिया देख रही है कि भारत के लोगों ने लगातार तीसरी बार स्थिर और स्पष्ट बहुमत की सरकार बनाई है।

यह लोकसभा कई मायनों में ऐतिहासिक: द्रौपदी मुर्मू

उन्होंने कहा कि 18वीं लोकसभा कई मायनों में ऐतिहासिक लोकसभा है। इस लोकसभा का गठन अमृतकाल के शुरुआती वर्षों में हुआ था। यह लोकसभा देश के संविधान को अपनाने के 56वें वर्ष की भी गवाह बनेगी। आगामी सत्रों में यह सरकार अपने कार्यकाल का पहला बजट पेश करने जा रही है। यह बजट सरकार की दूरगामी नीतियों और भविष्य की दूरदर्शिता का प्रभावी दस्तावेज होगा। बड़े आर्थिक और सामाजिक फैसलों के साथ-साथ इस बजट में कई ऐतिहासिक कदम भी देखने को मिलेंगे।

यह भी पढ़ें:नीट पेपर लीक: गुजरात के खेड़ा के स्कूल पहुंची सीबीआई जांच